{"_id":"589df9b74f1c1b875237c1b3","slug":"youth-employment-fund-will-give-a-thousand-million-rajnath","type":"story","status":"publish","title_hn":"युवाओं को रोजगार देने के लिए एक हजार करोड़ का कोष स्थापित होगा: राजनाथ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
युवाओं को रोजगार देने के लिए एक हजार करोड़ का कोष स्थापित होगा: राजनाथ
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा।
Updated Fri, 10 Feb 2017 11:04 PM IST
विज्ञापन
गृह मंत्री राजनाथ का स्वागत करते कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के छड़ौंजा में भाजपा प्रत्याशी सुभाष पांडे के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में हजारों करोड़ के घोटालों ही नहीं हुए बल्कि मंत्रियों को जेल की हवा भी खानी पड़ी थी, लेकिन भाजपा के शासन में कभी किसी मंत्री के दामन में दाग नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नोट बंदी सहित आर्थिक सुधार के फैसले राष्ट्रहित में लिए हैं और इससे आने वाले 10-15 सालों में भारत विश्व में आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा। उत्तराखंड के बेरोजगारों को काम देने के लिए एक हजार करोड़ रुपए का कोष स्थापित किया जाएगा। जिससे युवाओं में हुनर पैदा करने के साथ ही रोजगार शुरू करने के लिए फंड भी उपलब्ध कराया जाएगा। राजनाथ सिंह ने कहा उत्तराखंड में कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है और भाजपा की सरकार बननी तय है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में चाहे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार रही हो चाहे वर्तमान नरेंद्र मोदी सरकार हो, भाजपा के शासन में कभी भी मंत्रियों के दामन में दाग नहीं लगा। दूसरी तरफ कांग्रेस शासनकाल में हजारों करोड़ के घोटाले ही नहीं हुए बल्कि मंत्रियों को जेल भी जाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि भारत अब एक शक्तिशाली राष्ट्र बन चुका है। पाकिस्तान के सैनिकों ने हमारे 17 सैनिकों को मार डाला था, तब प्रधानमंत्री मोदी ने कहा अब बहुत हो चुका और इसका जवाब देना जरूरी है और फिर हमारे वीर सैनिकों ने पाकिस्तान के भीतर घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कहा भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन किसी ने भारत को छेड़ा तो फिर छोड़ता भी नहीं। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान के सैनिक बार-बार समझाने के बाद भी सीमा में हमारे निर्दोष नागरिकों पर गोली चला रहे थे तो उसके बाद बीएसएफ को पाकिस्तान की एक भी गोली का मुंहतोड़ जवाब देने के निर्देश जारी कर दिए गए।
विज्ञापन
अब गोली का जवाब देने के लिए किसी अनुमति की जरूरत नहीं लेनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि सेना के जवानों की 40 साल पुरानी वन रैंक-वन पेंशन की मांग को भी भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद पूरा किया। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने जब नोटबंदी का फैसला लिया तो कहा गया प्रधानमंत्री ने लोगों को लाइन पर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा नोटबंदी का फैसला चुनाव जीतने के लिए नहीं लिया गया बल्कि राष्ट्र हित में लिया गया है। इन फैसलों से जहां अमीर-गरीब के बीच की खाई मिटेगी वहीं काले धन की अर्थव्यवस्था और आतंकवाद पर भी लगाम लगेगी। आने वाले 10-15 सालों में भारत विश्व में आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा।
विज्ञापन
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में पिछले 16 सालों में दस साल तक कांग्रेस राज कर चुकी है लेकिन यहां आज तक कोई ठोस काम नहीं हो सके हैं। जबकि पर्यटन के क्षेत्र में विकास की काफी संभावनाएं हैं। राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और मुख्यमंत्री का पीएस भी स्टिंग आपरेशन में पकड़ा गया। भ्रष्टाचार के तमाम आरोपों के बावजूद राज्य में कांग्रेस की सरकार चलती रही। उन्होंने युवाओं को यकीन दिलाते हुए कहा कि राज्य में सत्ता संभालने के पहले दिन से ही राज्य को पर्यटन के क्षेत्र में विश्व स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा और पांच-दस सालों में लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके लिए 100 करोड़ का फंड रखा जाएगा जिससे युवाओं को रोजगार के हुनर सिखाने के साथ ही स्व रोजगार के लिए तीन-चार प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिया जाएगा।
केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में 15 सालों में कोई विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने केंद्र से मिलने वाले धन का भी दुरुपयोग किया है। केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद ढाई साल में ही सत्ता में आने के बाद सीमा क्षेत्र में सड़कों के कार्यों में काफी तेजी आई है। भाजपा प्रत्याशी सुभाष पांडे ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी और विधानसभा अध्यक्ष ने अपने परिवार के लोगों को नौकरियां दी लेकिन अन्य युवाओं की भारी उपेक्षा की। उन्होंने ईमानदारी के साथ काम करने का संकल्प लिया। संचालन रमेश बहुगुणा ने किया। सभा को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, मंजू बिष्ट, बची सिंह नेगी आदि ने संबोधित किया।