रानीखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का उद्घाटन बीईओ शैलेंद्र चौहान ने किया। प्रतियोगिता में ताड़ीखेत, द्वाराहाट, चौखुटिया, स्याल्दे, हवलबाग, धौलादेवी, ताकुला, भिकियासैंण आदि विकासखंडों के विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। अंडर 14, 17 और 19 बालक-बालिका वर्ग के आधार पर प्रतियोगिता कराई गई।
ब्लॉक क्रीड़ा समन्वयक डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट ने बताया अल्मोड़ा जिले से 113 बच्चे प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। यहां से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तर के लिए प्रतिभाग करेंगे जो 15 अक्तूबर से अल्मोड़ा में होगी। प्रतियोगिता में संयोजक राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य विशौला देवी, मिशन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील मसीह, चंदन मेहरा, गीता शर्मा, मनमोहन देव, नीलम पूरी, अजय चंद, राहुल त्यागी आदि ने सहयोग किया।