गरुड़ (बागेश्वर)। रियूनी लखमार पेयजल योजना से 21 दिन से गांव में पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीण दो किमी दूर से पीने का पानी ढोने को मजबूर है।
जल संस्थान की रियूनी लखमार पेयजल योजना की 21 दिन पूर्व लाइन क्षतिग्रस्त हो गयी थी। गांव के पूर्व प्रधान भुवन जोशी, भावना पांडे ने बताया कि जल संस्थान के चौकीदार ने क्षतिग्रस्त योजना को दुुरुस्त करने का कई बार प्रयास कर चुका है।चौकीदार अकेले पाइप लाइन को दुरुस्त नहीं कर पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि योजना को दुरुस्त करने के संबंध में कई बार जल संस्थान के अवर अभियंता से कह दिया है। जेई ने ग्रामीणों की जायज मांग को आज तक गंभीरता से नहीं लिया। ग्रामीण दो किमी दूर से कनस्तर, गेलन , बाल्टी से पानी लाने को मजबूर है। रियूनी लखमार गांव के धर्मेद्र पांडे, विपिन सिंह, हीरा सिंह, विजय पांडे, कंचन जोशी,गोविंद बिष्ट, राधिका जोशी ने डीएम और जल संस्थान के ईई को सौपे ज्ञापन में कहा है कि योजना को दो दिन के अंदर दुरुस्त नहीं किया गया तो ग्रामीण एसडीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।