द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पानी की समस्या से जूझ रहे छाना, भेट और च्याली के ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी पेयजल पंप पर ताले जड़ दिए। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि तमाम कोशिशों के बावजूद विभाग के अधिकारी कर्मचारी नींद से नहीं जाग रहे हैं। अब वे लोग वृहद आंदोलन शुरू करेंगे। जनप्रतिनिधियों ने सभी ग्रामीणों से आंदोलन के लिए एकजुटता का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पिछले माह चार मई को स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर 10 दिन के भीतर खराब मोटर पंप को बदलने तथा पूर्व की तरह पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई थी ऐसा नहीं होने पर तालाबंदी करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई। रविवार को ग्रामीणों ने मोटर पंप पर तालाबंदी करने के बाद सोमवार को भी तालाबंदी कर दी। कहा कि बार बार कोशिशों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। कहा कि हर घर नल- हर घर जल के चलते पंप को अन्यत्र गधेरे से जोड़ दिया गाय। जहां से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक व्यवस्था बहाल नहीं हो जाती तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। पंप नहीं चलने से क्षेत्र की तीन हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है। तालाबंदी करने वालों में कैलाश भट्ट, राजेंद्र रौतेला, बसंत वर्मा, नवीन भट्ट, प्रकाश चंद्र, दिनेश चंद्र, हरीश सिंह रौतेला, खष्टी देवी, प्रेमा देवी, प्रकाश भंडारी, मंजू देवी, दीपा रौतेला, नीमा कांडपाल आदि ग्रामीण मौजूद रहे।