मौलेखाल (अल्मोड़ा)। जिले के सल्ट में आयोजित पांच दिवसीय मरचूला एडवेंचर मीट 2021 के द्वितीय संस्करण का समापन हो गया। मुख्य अतिथि चाय विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष गोविंद सिंह पिल्खवाल ने कहा कि जिले में साहसिक खेलों को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जा रहा है। इस तरह के आयोजनों से जिले का नाम साहसिक खेलों में अग्रणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मरचूला एडवेंचर मीट से स्थानीय होटल और रिजॉर्ट को भी फायदा हो रहा है, इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार भी मुहैया होगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न साहसिक गतिविधियां आयोजित की गईं। पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग, रिवर, क्रॉसिंग, वॉटर रोलिंग, ऑफ रोडिंग, सफारी आकर्षण के केंद्र रहे। इसके अलावा एयर बैलून राइड, रॉक क्लाइंबिंग, क्याकिंग, वाटर मेडिएशन, एंगलिंग खेलों का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सल्ट शिप्रा जोशी पांडे, उपजिलाधिकारी अल्मोड़ा गौरव पांडे, खंड शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई, नरेंद्र कुमार, तहसीलदार दलीप सिंह, खंड विकास अधिकारी सल्ट रवि कुमार सैनी, विभू कृष्णा समेत कई लोग मौजूद थे।