{"_id":"698a1e64be44fcc647009a15","slug":"the-government-will-not-give-agricultural-land-of-95-gardens-for-other-purposes-ganesh-joshi-almora-news-c-232-1-shld1002-139645-2026-02-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"95 उद्यानों की कृषि भूमि को अन्य कामों के लिए नहीं देगी सरकार : गणेश जोशी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
95 उद्यानों की कृषि भूमि को अन्य कामों के लिए नहीं देगी सरकार : गणेश जोशी
विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। कृषि और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आम बजट को राष्ट्र निर्माण का बजट बताया। कहा कि यह बजट प्रगति के पथ पर ले जाने वाला है। यह भी स्वीकारा कि राज्य बनने के बाद से उत्तराखंड में खेती का रकबा दो लाख 10 हजार हेक्टेयर घटा है पर उन्नत तकनीक से तीन लाख टन फसल उत्पादन बढ़ा है। सरकार, प्रदेश के 95 उद्यानों की कृषि भूमि को अन्य कामों के लिए नहीं देगी।
गणेश जोशी ने नगर निगम सभागार में केंद्रीय बजट 2026-27 के मद्देनजर पत्रकारों से वार्ता में बजट की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि यह बजट वित्तीय दस्तावेज नहीं है बल्कि राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय विकास योजनाओं का मार्गदर्शक है। बजट भारत को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने वाला है। 2014 में भारत जहां विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था। अब भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन गया है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्वास्थ्य और चिकित्सा पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। बजट में मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उत्तराखंड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में राज्य आगे बढ़ रहा है। डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए नौ प्वाॅइंट बन रहे हैं। मेडिकल टूरिज्म से विदेशी पर्यटक अधिक आएंगे। सीमांत गांव के लिए केंद्र सरकार ने अलग बजट की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नया भू-कानून लाई है जिससे बाहरी व्यक्ति जमीन नहीं खरीद सकता है। कृषि भूमि को अन्य कामों के लिए नहीं दिया जाएगा। राज्य के गांवों में क्लस्टरों के माध्यम से बंजर भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए कार्य होंगे। इस मौके पर मेयर अजय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ चौहान, भाजपा जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, दर्शन रावत, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
कृषि मंत्री का भाजपाइयों ने किया स्वागत
अल्मोड़ा। सोमवार को भ्रमण पर अल्मोड़ा पहुंचे प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी का भाजपाइयों ने भव्य स्वागत किया। नगर निगम सभागार में महापौर अजय वर्मा ने मंत्री को शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, दर्शन रावत, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष हरीश बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि रौतेला आदि शामिल रहे।
छोटे शहरों में पर्यटन काे देंगे बढ़ावा
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि छोटे शहरों में पर्यटन में बढ़ावा देने का प्रावधान बजट में है। इसका ज्यादा लाभ प्रदेश को मिलेगा। प्रदेश के बजट पर कहा कि यह भी समावेशी और विकास का बजट होगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए वैल्यू फसलों को बढ़ावा देंगे ताकि पलायन रुके। कहा कि जो पलायन कर रहे हैं वह वापस आकर रोजगार से जुड़कर नौकरी बांट रहे हैं। अंकिता भंडारी मामले की सीबीआई जांच जारी है। अंकिता के माता-पिता की भावनाओं के अनुसार ही सरकार ने सीबीआई जांच कराई। कहा, जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी होगा।