पं. पंत की जन्म स्थली खूंट में एक करोड़ से बनेगा स्मारक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री और जिले के प्रभारी डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत का जन्म दिन उत्तराखंड गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है, ताकि उनके आदर्शों पर युवा पीढ़ी चल सके। उन्होंने कहा कि पं. पंत ने जमींदारी उन्मूलन और सामाजिक समरसता के लिए हमेशा कार्य किया। डा. रावत पं. पंत की जन्म स्थली खूंट में जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पं. पंत की जन्म स्थली में एक करोड़ से अधिक धनराशि से भव्य स्मारक बनाया जाएगा। स्मारक निर्माण के लिए उन्होंने 30 लाख रुपये स्वीकृत करने, शीतलाखेत महाविद्यालय का नाम पं. पंत के नाम पर रखने की घोषणा की।
डॉ. रावत ने कहा कि पं. पंत ने समाज के निर्बल और असहाय लोगों को साथ लेकर उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का कार्य किया। पं. पंत की जन्म स्थली में बनने वाले स्मारक में वाचनालय, संग्रहालय, पुस्तकालय, शौचालय, सभागार आदि सुविधाएं होंगी। शीतलाखेत महाविद्यालय के लिए भूमि मिलने पर विज्ञान और कला संकाय के लिए दो-दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाएंगे। खूंट डाक बंगले का उच्चीकरण किया जाएगा। रानडौल हाइस्कूल का अगले सत्र से उच्चीकरण करने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने टेक्सटाइल की नौकरी छोड़कर अधार गांव में दुग्ध व्यवसाय अपनाने पर दीप चंद्र पंत को सम्मानित किया।
विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि पं. पंत का व्यक्तित्व प्रेरणादायी है। उन्होंने धारी श्मशानघाट तक सड़क मार्ग की स्वीकृति प्रदान की। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने पं. पंत स्मारक के लिए दो लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, केवल सती, राजेंद्र बाराकोटी, बिट्टू कर्नाटक आदि ने विचार रखे। अध्यक्षता ग्राम प्रधान ललित पंत ने की। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। निबंध प्रतियोगिता के अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कृत किया गया।