{"_id":"5a92f9574f1c1b805a8bbc03","slug":"police-and-forest-personnel-team-examined-the-spot","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस और वन कर्मियों की टीम ने किया मौका मुआयना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिस और वन कर्मियों की टीम ने किया मौका मुआयना
अमर उजाला ब्यूरो मानिला (अल्मोड़ा)।
Updated Sun, 25 Feb 2018 11:28 PM IST
विज्ञापन
बिष्टबाखली गांव में काटे गए बांज के हरे पेड़।
- फोटो : amar ujala
सल्ट ब्लॉक के मानिला क्षेत्र अंतर्गत बिष्टबाखली गांव में जेसीबी द्वारा बहुपयोगी चौड़ी पत्ती प्रजाति के बांज के तीन दर्जन से अधिक पेड़ काटने के मामले में सल्ट थाना पुलिस को शिकायत मिली है। शिकायत के बाद पुलिस ने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ रविवार को घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस और वन कर्मियों को मौके पर बांज के करीब 15 पेड़ कटे हुए मिले, जबकि अन्य कटे पेड़ों को ठिकाने लगा दिया गया है।
विज्ञापन
मानिला-भिकियासैंण सड़क से बिष्टबाखली तक डामरीकरण का टेंडर एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला है। संबंधित ठेकेदार ने विभाग के साथ अनुबंध किए बगैर ही अवैध तरीके से बांज के करीब तीन दर्जन से अधिक हरे पेड़ काट दिए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने पत्थरों के लालच में बांज के करीब तीन दर्जन से अधिक हरे वृक्षों को जेसीबी से उखाड़ डाला। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो ठेकेदार ने ग्रामीणों को देख लेने की धमकी दे डाली।
विज्ञापन
भाजपा जिला मंत्री प्रताप रावत ने बताया कि वृक्ष काटने की शिकायत कार्यदायी संस्था से की, लेकिन वृक्षों का कटान नहीं रोका गया। उन्होंने रविवार को सल्ट कोतवाली तथा मानिला वन चौकी में मामले की शिकायत की है। शिकायत मिलने पर सल्ट थानाध्यक्ष जय प्रकाश चंद्र तथा वन विभाग की टीम ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम को घटनास्थल पर बांज के करीब 15 हरे पेड़ कटे हुए मिले जबकि अन्य पेड़ों को ठिकाने लगा दिया गया है। जांच टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन