चिह्नित कर तोड़ा जाएगा पक्का अतिक्रमण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर पालिका परिषद की बैठक में नगर में अस्थाई अतिक्रमण हटाने के साथ ही स्थाई अतिक्रमण को चिह्नित कर तोड़ने का प्रस्ताव पारित हुआ। बैठक में जिला प्रशासन और पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की सराहना की गई। साथ ही कहा कि अतिक्रमण हटाने से प्रभावित फेरी-फड़ वालों को नगर में उपलब्ध अन्य स्थानों पर जगह दी जाएगी।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता रहेगा। बैठक में सभी सदस्यों ने प्रशासन की सहायता से चलाए जा रहे अभियान को सराहा गया। पालिका सदस्यों ने अस्थाई के साथ ही नगर में हो रहे स्थाई अतिक्रमण को चिन्हित करके तोड़ने की कार्रवाई पर जोर दिया। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने अधिशासी अधिकारी को पक्के अतिक्रमणों को चिन्हित करके तोड़ने की कार्रवाई करने को कहा। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पालिका का उद्देश्य किसी व्यक्ति की आजीविका को छीनना नहीं है और अस्थाई अतिक्रमण हटाने से प्रभावित लोगों को चौड़े स्थानों पर सामान बेचने के लिए जगह उपलब्ध कराई जाएगी। सदस्यों ने इस बात पर नाराजगी जताई कि शहर में कई स्थानों पर मानचित्र पास किए बगैर ही निर्माण किया जा रहा है। पालिकाध्यक्ष ने ईओ को कर्मचारियों की टीम बनाकर अवैधानिक कार्यों पर तुरंत रोक लगाने के निर्देश दिए।
बैठक में जीआईसी के निकट दोपहिया वाहनों के पार्किंग के निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। पार्किंग का प्रस्ताव को पर्यटन विभाग को भेजा जाएगा। इसके अलावा एक रैन बसेरा और स्लॉटर हाउस बनाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। बैठक में पालिका कर्मी रमेश चंद्र तिवारी की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर गहरा शोक जताया गया। बैठक में पालिका सभासद राधा नेगी, विद्या नेगी, हेम चंद्र तिवारी, मुकेश नेगी, श्याम पांडे, अशोक पांडे, सरिता टम्टा, जगमोहन बिष्ट, कंचन भट्ट, सचिन आर्या, राजेंद्र तिवारी के अलावा नामित सदस्य अख्तर हुसैन, वीटी विल्सन, जीवन नाथ वर्मा, घनानंद जोशी, प्रताप सिंह सत्याल, अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार वर्मा और अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
प्रेरणादायी सफलता के लिए डीएम सुमन होंगे सम्मानित
पालिका परिषद की बैठक में अमर उजाला में जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन के विद्यार्थी जीवन से आईएएस बनने तक के संघर्षशील सफर के बारे में प्रकाशित खबर पर चर्चा हुई और इस प्रेरणादायी सफलता के लिए उन्हें बधाई दी गई। बैठक में प्रस्ताव पारित करके यह भी निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही उनकी प्रतिभा के सम्मान के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।