{"_id":"7ea3d1ac62f891e4e557863f9c8101d9","slug":"important-to-improve-traffic-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"यातायात में सुधार को उठाएं कड़े कदम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यातायात में सुधार को उठाएं कड़े कदम
ब्यूरो /अमर उजाला, अल्मोड़ा
Updated Thu, 11 Jun 2015 01:14 AM IST
विज्ञापन
यातायात व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने प्रशासन, पुलिस, पालिका, व्यापार मंडल समेत विभिन्न संगठनों के साथ बैठक की। पालिका सभागार में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था पटरी पर लाने और अपराधों पर अंकुश लगाने को कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन
युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताई और कहा कि दुकानों और अन्य स्थानों में बैठकर नशा करने वालों के खिलाफ छापेमारी करें। उन्होंने कहा कि वाहनों में प्रेशर हार्न पर रोक लगाने के लिए चालान की कार्रवाई अमल में लाएं। पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल ने कहा कि यातायत व्यवस्था दुरुस्त करने को अभियान चलाया जाएगा।
विज्ञापन
इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। नगर में स्पीड ब्रेकर और 20 किमी की गति से वाहन चलाने को बोर्ड लगाए जाएंगे। वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। यदि कोई नाबालिग दुपहिया वाहन चलाता पाया गया तो अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
जून के बाद रोडवेज की सायंकालीन बसें आकाशवाणी मार्ग से होकर भेजने को ट्रायल किया जाएगा। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि पार्किंग स्थलों के निर्माण पर ध्यान देना होगा। लिंक रोड में चयनित स्थानों पर पार्किंग बनाने की कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों ने एलआर साह रोड में सुबह आठ से रात 10 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने, वाहनों की गति में नियंत्रण रखने, मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने, ट्रक स्टैंड निर्माण, वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था कड़ाई से लागू करने आदि सुझाव रखे।
पिथौरागढ़ और बागेश्वर क्षेत्र से आने वाले खड़िया ट्रकों को हल्द्वानी के लिए बाईपास से भेजने की मांग उठाई। बार के अध्यक्ष भानु तिलारा, अल्मोड़ा अरबन बैंक के चेयरमैन आनंद सिंह बगडवाल, लीला टम्टा आदि ने सुझाव रखे। बैठक में डीएसपी केबी पांडे, एसडीएम रिंकू बिष्ट, वैभव गुप्ता, तहसीलदार गौरी दत्त तिवारी, कोतवाल संजय गर्ब्याल आदि थे।