द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। गर्मियों में लॉकडाउन के दौरान शादी विवाह का सीजन पूरी तरह से ठप रहा। अनलॉक होने के बाद शादियां शुरू हुईं तो फल विक्रेताओं ने राहत की सांस ली है। वैशाख, ज्येष्ठ माह में उनके सम्मुख रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया था। फल विक्रेताओं का कहना है कि इस सीजन में कारोबार ठीक रहने की उम्मीद है।
अब सर्दियों के सीजन में शादियां खूब हो रहीं हैं तो फलों की टोकरियों की डिमांड भी बढ़ गई है। यहां मल्लीबाजार में फल और सब्जी विक्रेता नवीन कुमार ने बताया कि इस बार वैशाख ज्येष्ठ में तो कोई शादी नहीं हुई थी। जिस कारण रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया था। अलबत्ता आजकल उन्होंने विवाह के सीजन में 10-15 फलों की टोकरियां बेच ली हैं। अभी 15 दिसंबर तक लगनों का सीजन है और कारोबार ठीक होने की उम्मीद लग रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ कि उन्होंने वैशाख ज्येष्ठ में एक भी टोकरी नहीं बनाई। गौरतलब है कि शादी में लड़की और लड़के वालों की ओर से फलों की एक बड़ी और एक छोटी टोकरी एक दूसरे को दी जाती हैं। जिसमें विभिन्न प्रकार के फल केला, सेब, संतरा, अनानास, पपीता, अंगूर, अमरूद आदि भरा होता है। यह टोकरियां एक हजार रुपये से लेकर ढाई हजार रुपये तक की होती है।