अल्मोड़ा। बारिश होने से जिले में सुबह पांच मोटर मार्ग बंद हो गए, इससे यातायात अवरुद्ध रहा। प्रशासन ने जेसीबी लगातार मार्गों से मलबा हटाया जब जाकर दोपहर में मार्ग यातायात के लिए खुल सके।
बुधवार की तड़के से ही बारिश होने लगी थी। बारिश से जिले की काठ की नाव, अजोली-तल्ली, थला-मनराल, स्यूनरा कोट-मटेला, चौपाता-लोहना आदि मोटर मार्ग मलबा आने से बंद हो गए। आठ बजे आपदा कंट्रोल रूप में मार्ग बंद होने की सूचना मिली। सूचना के बाद प्र्रशासन ने जेसीबी भेजकर मार्गो में आए मलबे को हटाया और दोपहर में मार्ग यातायात के लिए चालू हो गए। मार्ग खुलने से लोगों को राहत मिली। बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के चलते एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें अलर्ट है। बारिश से कई स्थानों पर जल भराव भी हो गया है जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धारानौला मोटर मार्ग में कई स्थानों पर डामर उखड़ा है जिससे सड़क में गड्ढ़े बन गए हैं। बारिश होने से सड़क में बने गड्ढ़ों में पानी भर गया। दन्यां बाजार में भी जल भराव हो गया। इससे आवाजाही करने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियां चोक होने से नालियों का गंदा पानी सड़क में बहता रहा।