भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। भिकियासैंण से रामनगर जा रहे लकड़ी से भरे चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। आग से ट्रक समेत लाखों रुपये की लकड़ी जलकर राख हो गई।
रविवार को ट्रक संख्या यूके-04-सीए-3604 भिकियासैंण से रामनगर को जा रहा था। ट्रक लकड़ी से भरा था। भतरौंजखान से करीब आठ किमी दूर गड़ीखान में चलते ट्रक में आग लग गई। ट्रक चालक नीरज कुमार (30) पुत्र इंदरलाल निवासी पदमपुरी रामनगर ने ट्रक रोका और कूद कर अपनी जान बचाई। ट्रक में लगभग दो लाख रुपये की लकड़ी लदी थी।
आग से ट्रक समेत लकड़ी भी जल गई। जगत सिंह रावत, गुड्डू वर्मा, महेंद्र, नवीन, सुरेश कड़ाकोटी, ललित और घट्टी के टैक्सी स्टाफ सहित कांस्टेबल चंद्रपाल कश्यप, मोहन चंद्र ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बाद आग पर काबू पाया। ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।