स्याल्दे (अल्मोड़ा)। सहकारिता विभाग की ओर से शहीद स्मारक भवन देघाट में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, सहकारिता, दुग्ध विकास राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सहकारिता के माध्यम से किसानों और प्रवासियों को कृषि, पशुपालन, उद्यान, वानिकी आदि योजनाओं से जोड़ने के लिए ऋण वितरित किए। कहा कि ब्लॉक के पांच उत्तम किसानों को विदेश और 10 किसानों को हिमाचल से अरुणाचल प्रदेेश ले जाकर कृषि, पशुपालन, उद्यान की तकनीकी जानकारी दिलाई जाएगी। उन्होंने 32 लाभार्थियों को 25.29 लाख रुपये के चेक बांटे।
उन्होंने किसानों, पशुपालकों को सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। किसानों से आर्थिक स्तर में सुधार के लिए सहकारिता से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक से 100 लाभार्थियों का चयन किया जाए। चयनित लाभार्थियों को सहकारिता के माध्यम से ऋण देकर उनकी आजीविका को बढ़ाया जाएगा। क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह जीना ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र में खेती, बकरी, भेड़ पालन, पशुपालन, सब्जी आदि से जुड़े किसानों की आजीविका का स्तर उठाने के लिए सहकारिता के माध्यम से सहयोग देने की बात कही। जिला सहकारी बैंक अल्मोड़ा के निदेशक हृदयेश मेहरा ने संचालन किया।