अल्मोड़ा। मौसम में बदलाव के साथ ही नगर और आसपास के क्षेत्रों में वायरल बुखार आदि के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। शनिवार को भी जिला अस्पताल की ओपीडी में 298 मरीज पहुंचे जिसमें से 50 मरीज वायरल बुखार से पीड़ित थे। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण के मामले भी आ रहे हैं।
शनिवार को भी हवालबाग क्षेत्र में एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले भी हवालबाग क्षेत्र में पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह से शाम तक अस्पताल में विभिन्न रोगों से ग्रस्त 298 मरीज पहुंचे। इनमें से 50 मरीज वायरल बुखार से पीड़ित थे। मरीजों की भीड़ के चलते सुबह से ही पर्ची काउंटर, ओपीडी कक्ष, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, जांच कक्ष आदि में मरीजों की लंबी कतार लगी रही। मौसम बदलाव के चलते डॉक्टरों ने वायरल आदि से बचाव के लिए मरीजों से एहतियात बरतने की अपील की है, साथ ही कोरोना संक्रमण से बचने के लिए भी घर से मास्क पहन कर निकलने और भीड़- भाड़ वाले स्थानों में सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने की सलाह दी है।