अल्मोड़ा: कसार देवी के होमस्टे में दिल्ली के पर्यटक की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव
अल्मोड़ा के कसार देवी स्थित होमस्टे के कमरे में शुक्रवार सुबह दिल्ली निवासी पर्यटक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने कमरा सील कर शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
अल्मोड़ा जिले के कसार देवी स्थित एक होमस्टे के कमरे में शुक्रवार सुबह दिल्ली निवासी एक पर्यटक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे को सील कर दिया है और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मटीना (डीनापानी) निवासी मयंक कार्की के कसार देवी स्थित शारदा होमस्टे में सी-808, अभियंत अपार्टमेंट, वसुंधरा एन्क्लेव, ईस्ट दिल्ली-110096 निवासी संजय तालुकदार (39) ने बीती 10 अक्तूबर को एक माह के प्रवास के लिए कमरा किराये पर लिया था। होमस्टे संचालक के अनुसार यहां आने पर उनका स्वास्थ्य सामान्य था लेकिन बृहस्पतिवार की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार सुबह जब वे कमरे से बाहर नहीं निकले, तो जांच की गई। इसपर वे अंदर मृत अवस्था में पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया। मृतक को अस्पताल पहुंचाया गया। शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक के लिवर का पूर्व में ऑपरेशन हुआ था। प्रथम दृष्टया बीमारी से मौत की आशंका जताई जा रही है हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
संजय की मौत की खबर से परिवार सदमे में
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के पिता और परिजनों को दे दी है। मौत की खबर मिलते ही दिल्ली स्थित उनके घर में कोहराम मच गया। एनटीडी चौकी प्रभारी दिनेश परिहार ने बताया कि सूचना पाकर परिजन अल्मोड़ा के लिए रवाना हो गए हैं।
शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई थी और उनके अल्मोड़ा पहुंचने पर शव उन्हें सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। -बलवंत सिंह रावत, सीओ अल्मोड़ा
