अल्मोड़ा। नंदादेवी मेले में छठे दिन बृहस्पतिवार को नंदादेवी मंदिर परिसर स्थित मंच पर कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक संस्कृति के बहुरंगी रंग बिखेरे। महिलाओं ने मंच पर कुमाऊंनी झोड़े की शानदार प्रस्तुति दी। इससे पूर्व बुधवार रात्रि कार्यक्रम में पहुंचे राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा ने कहा कि नंदादेवी मेले की अपनी अलग पहचान है। उन्होंने मंदिर परिसर में विकास कार्यो के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
नंदादेवी मेले में बुधवार की शाम कलाकारों के नाम रही। रात्रि में कलाकारों ने शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोक कलाकारों ने मेले में मोहना, मोहना, मोहना, मोहना रटि ग्यो छोरा मोहना मेरी दिल में रटि ग्यो, ठंडो रे ठंडो मेरो पहाड़े की हवा ठंडी पाणी ठंडो.. समेत कई लोक गीत प्रस्तुत किए। खचाखच भरे नंदादेवी मंदिर परिसर में दर्शकों ने देर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। मंच पर कभी नृत्य की धूम दिखी तो कभी मां नंदा सुनंदा की स्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। बृहस्पतिवार को दिन में महिलाओं ने कुमाऊंनी झोड़े की शानदार प्रस्तुति दी। साथ ही महिलाओं ने गोदी में उठा लो मेरी मां गजानन छोटे हैं मेरे गजानन का छोटा सा माथा तिलक लगा दो मेरी मां गजानन छोटे हैं.. भजन की प्रस्तुति से समा बांध दिया।