अल्मोड़ा। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से मई से शुरू होने वाली जनगणना 2021 की तैयारियों के संबंध में डीएम को दिशा निर्देश दिए। जनगणना मार्च 2021 से पूर्व की जानी है। इसके लिए जिला स्तर पर तैयारी पूरी की जाए। उन्होंने डीएम को समय से चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों, सुपरवाइजरों आदि की तैनाती करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना के आधार पर ही किसी क्षेत्र विशेष की विकास की योजना तैयार की जाती है। इसमें छोटी सी त्रुटि भी चीजों को प्रभावित कर सकती है। इसके लिए दिए जाने वाले प्रशिक्षण को त्रुटि रहित तरीके से संपादित करें। जनगणना का पहला चरण एक मई से 15 जून तक चलेगा, जिसमें मकानों की गणना और सूचीकरण का कार्य होगा। दूसरे चरण में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी।