अल्मोड़ा। न्यूयॉर्क शहर के एक चिड़ियाघर में एक बाघिन के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सभी चिड़ियाघरों को सतर्क कर दिया गया है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने भारत के सभी चिड़ियाघरों को हाईअलर्ट कर दिया है। बताया गया है कि तमाम जानवरों के लिए पैनी नजर बनाए रखें। अल्मोड़ा के मृग विहार में भी इन दिनों तेंदुओं और अन्य जानवरों को भोजन और दवाएं आदि देते वक्त पूरी सावधानी बरती जा रही है। संबंधित वन कर्मी सैनिटाइजेशन और ग्लव्स आदि पहनकर ही जानवरों के करीब जा रहे हैं।
अल्मोड़ा के मृग विहार में 67 चीतल, 27 सांभर, नौ तेंदुओं समेत एक-एक भालू और बंदर भी है। बीते दिनों अमेरिका के एक चिड़ियाघर में बाघिन के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब यहां भी जानवरों के रखरखाव आति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वन रेंजर राजेश जोशी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद पूरे चिड़ियाघर को सैनिटाइज किया जा रहा है। कोरोना के चलते तेंदुए को देने वाले मीट को पहले गर्म पानी में उबालकर ही दिया जा रहा है और तेंदुए को मीट देने वाले व्यक्ति को सैनिटाइज कर उसे किट पहनाकर ही भेजा जा रहा है। चीतल, सांभर के लिए घास और दाने डालने वाले लोगों को भी पहले सैनिटाइज किया जा रहा है। भालू और बंदर के लिए भी फलों को गर्म पानी से साफ करके ही दिया जा रहा है।