अल्मोड़ा। पदोन्नति संबंधी मांग को लेकर शिक्षा विभाग के कर्मी लामबंद हो गए हैं। मंगलवार को कर्मचारियों ने हाथों में काला फीता बांध विरोध जताया और सीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। 13 जनवरी से कर्मचारियों ने धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
मांगों को लेकर मंगलवार को कर्मचारियों ने काला फीता बांध कर विरोध जताया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि विभाग की ओर से अभी तक मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, प्रधान सहायक के पदों पर पदोन्नति के लिए गोपनीय आख्या आमंत्रित नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में रोष है। कहा कि विभाग द्वारा पदोन्नति स्थानांतरण और समायोजन में काउंसलिंग भी नहीं की जा रही है, जिसके चलते विभागीय अधिकारी मनमानी तैनाती कर रहे हैं। राज्य सूचना आयोग में भी विभाग के खिलाफ अपील की गई है। आरोप लगाया कि विभाग की ओर से समय पर पदोन्नति नहीं करके छह सौ से अधिक पदोन्नतियां बाधित की गई हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने भी शिक्षा निदेशक से फोन पर वार्ता की थी, लेकिन एक माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। अब कर्मचारियों ने 13 जनवरी को धरने पर बैठने का निर्णय लिया है। मंडल सचिव धीरेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि धरना देकर बुधवार को मुख्य शिक्षाधिकारी के माध्यम से शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। इस मौके पर मंडलीय सचिव धीरेंद्र कुमार पाठक, जिला अध्यक्ष पुष्कर सिंह भैसोड़ा, हेमंत, अर्जुन नेगी, राम सिंह गैडा, बलवीर सिंह भाकुनी, भगवान राम, के देवड़ी, कमल बिष्ट समेत समर्थन में राजकीय शिक्षक संघ के जिला मंत्री भूपाल सिंह चिलवाल आदि रहे।