सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार अजय कोठियाल का सोमेश्वर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बाजार में रैली निकाली गई। रामलीला मैदान में हुई सभा में कोठियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बेरोजगारों और युवाओं को भ्रमित कर रही है।
उन्होंने कहा कि आप सत्ता में आने पर हर घर को रोजगार देगी। भाजपा और कांग्रेस को एक सिक्के दो पहलू बताते हुए उन्होंने कहा कि इन दलों के विधायक निजी स्वार्थ में लगे हैं उन्हें जनता के हितों को की चिंता नहीं है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या पर तंज कसते हुए बाल विकास में 25 हजार रुपये देकर सुरक्षा गार्ड की नौकरी मिलने पर शुक्रिया किया और कहा कि निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने के लिए बेरोजगारों से भारी भरकम राशि वसूली की जा रही है। इससे पहले कोठियाल ने सोमनाथ मंदिर के दर्शन भी किए। सभा में कैंपेनिंग कमेटी उपाध्यक्ष बसंत कुमार, कुमाऊं कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, विधानसभा प्रभारी हरीश आर्या, रमेश बोरा, अंशुल राणा, प्रदेश सचिव पूजा मेहरा आदि थे।