एमएलसी चुनाव ः जेल से विधान परिषद पहुंचे बृजेश
रविवार को कलेक्ट्रेट के भूतपूर्व सैनिक कार्यालय में जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम राजमणि यादव की देखरेख में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। दोपहर दो बजे तक चली मतगणना के बाद निर्दलीय प्रत्याशी बृजेश कुमार सिंह उर्फ अरुण को विजयी घोषित किया गया। बृजेश को कुल 3038 वोट जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा की मीना सिंह मनोज को 1084 वोट मिले। बृजेश ने मीना को 1954 वोट से हराया।
रविवार को सुबह से ही जिला मुख्यालय पर चेकिंग अभियान शुरू हो गया था। इसी दौरान पुलिस ने भौरा केराकत निवासी कृष्ण अवतार सिंह के पास एक पिस्टल, दो लाख रुपये नगद और 28 कारतूस पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बृजेश के बड़े भाई हरि सिंह ने उन्हें रखने के लिए दिया था। चुनाव आयोग के नियम के अनुसार मतगणना स्थल से 200 मीटर दायरे में कोई भी असलहा लेकर नहीं होगा। यदि उसे बहुत आवश्यकता है तो वह जिला निर्वाचन अधिकारी से अनुमति लेगा।
प्रत्याशियों के गणना एजेंटों के सामने वाराणसी के 11, भदोही के 6 और चंदौली के 9 सहित कुल 26 बूथों के मतपत्र निकाले गए। सभी मतों के 25-25 के बंडल बनाए गए। इनमें से कुल पड़े मत 4257 में से अवैध मत 94 और नोटा के मत 2 को अलग किया गया। वैध मत 4161 की गिनती शुरू हुई। प्रथम वरीयता का वोट पाने वाले प्रत्याशियों के मतपत्रों की गड्डी बनाई गई। गड्डी की ऊंचाई देखकर लोगों ने अनुमान लगा लिया कि बृजेश सिंह जीत गए हैं। इसके बाद सपा के नेता वहां से निकल गए। 70:30 के अनुपात में बृजेश और अन्य प्रत्याशियों को मत मिले थे। मतों की गिनती के बाद डीएम ने पूरी जानकारी चुनाव आयोग को भेज दी। वहां से तकरीबन दो बजे जारी करने की सूचना आई। इसके बाद एडीएम प्रशासन ने बृजेश के जीत की घोषणा कर दी।
बृजेश के अधिकृत अभिकर्ता को मिलेगा प्रमाण पत्र
जीत की घोषणा के बाद जब बृजेश के बड़े भाई हरि सिंह ने एमएलसी चुनाव का प्रमाण पत्र मांगा तो एडीएम प्रशासन ने चुनाव आयोग के नियम के बारे में बताया। इसके तहत जीते हुए प्रत्याशी की ओर से अधिकृत अभिकर्ता को ही प्रमाण पत्र देने का प्राविधान है। चूंकि बृजेश सहारनपुर जेल में बंद हैं। इस नाते वहां से अभिकर्ता को अधिकृत करने के संबंध में बृजेश की ओर से पत्र मंगाया गया है। उम्मीद है कि सोमवार की सुबह तक पत्र आ जाएगा। इसकी जांच के बाद प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
जीत की खुशी में बृजेश के समर्थकों ने जिला मुख्यालय पर जश्न मनाया। सर्किट हाउस से ढोल नगाड़े पर डांस किया। इस दौरान खूब मिठाईयां बंटी। एक ओर जब जीत का जश्न मनाया जा रहा था तो विपक्षी पार्टी के नेता वहां से चले गए। इस मौके पर बृजेश के परिवार की ओर से बड़े भाई हरि सिंह, भतीजे और सकलडीहा के विधायक सुशील सिंह, भतीजे और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुजीत सिंह के अलावा अवनींद्र सिंह, फुन्नन सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
प्रत्याशी का नाम मिले वोट
सपा की मीना सिंह मनोज 1084
लोकदल के जयराम 9
निर्दल उदय प्रताप प्रधान 12
निर्दल बृजेश कुमार सिंह उर्फ अरूण 3038
निर्दल मीना सिंह 18
नोटा 2
अवैध मत 94