CBSE 12th Result 2021: रिजल्ट जारी होते ही विद्यार्थियों के खिले चेहरे, वाराणसी के अविरल को 99.80 प्रतिशत अंक
सनबीम लहरतारा के छात्र अविरल पांडेय ने 99.80 प्रतिशत (पी.एम.सी) अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा सनबीम भगवानपुर के आरोही देव रॉय, प्रग्येश मिश्रा औऱ अमन चंद्रशेखर (कॉमर्स) ने 99 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं।
विस्तार
वाराणसी सहित देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हुआ। सीबीएसई की ओर से शुक्रवार को 12वीं का रिजल्ट दोपहर दो बजे जारी हुआ। रिजल्ट जारी होते ही विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। वाराणसी जिले में करीब 100 से अधिक विद्यालयों के 25 हजार विद्यार्थियों ने अलग-अलग वर्ग में सफलता दर्ज की है। सनबीम लहरतारा के छात्र अविरल पांडेय ने 99.80 प्रतिशत (पी.एम.सी) अंक प्राप्त किए हैं।
इसके अलावा सनबीम भगवानपुर के आरोही देव रॉय, प्रग्येश मिश्रा औऱ अमन चंद्रशेखर (कॉमर्स) ने 99 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग स्कूलों के कई दर्जन छात्रों ने 98 फीसदी अंक हासिए किए हैं।
कोविड संक्रमण की वजह से इस बार परीक्षा नही हुई लेकिन प्री-बोर्ड, 11वी में मिले नंबर के आधार पर जारी इस रिजल्ट में स्कूलों में कई विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल का मान बढ़ाया। कोविड संकट के कारण अधिकांश स्कूलों में बच्चों को नही बुलाया गया लेकिन स्कूल की ओर से उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं
विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालयों का मान, मिली बधाईयां
सीबीएसई की बारहवीं परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के चेहरे शुक्रवार को खिल उठे। परीक्षा भले ही नहीं हुई लेकिन पिछली कक्षाओं में किए गए प्रदर्शन के आधार पर ही इस परीक्षा में सफलता अर्जित कर विद्यार्थियों ने विद्यालयों का मान बढ़ाया। विद्यालयों के दावों के हिसाब से उनके परिणाम शत प्रतिशत हैं। इसमें अधिकांश विद्यार्थियों ने 99 प्रतिशत अंक के साथ सफलता अर्जित कर यह सिद्ध कर दिया गया कि कठिन परिस्थितियों में भी सफलता पाना मुश्किल नहीं है।
तीन साल के प्रदर्शन के आधार पर परिणाम किया तैयार
कोरोना संक्रमण के दौर में परीक्षा फार्म भरने के बाद से ही छात्र परीक्षा को लेकर उहापोह में चल रहे थे। हालांकि सीबीएसई ने संक्रमण कम न होने की वजह से ही सभी छात्रों को प्रमोट करने का निर्णय लिया था। इसमें उनके तीन साल के प्रदर्शन के आधार पर परिणाम तैयार कराया गया। सीबीएसई की परीक्षा में सनबीम स्कूल के अविरल पांडेय ने 99.8 प्रतिशत अंक पाकर सनबीम शिक्षण समूह में पहला स्थान हासिल किया।
समूह के अध्यक्ष डा.दीपक मधोक ने बताया कि सनबीम की चारो शाखाओं में विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसमें विशेष रुप से छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियोें ने कीर्तिमान रचा है। उन्होेंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। डालिम्स के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत है। अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बाबा मधोक और निदेशिका पूजा मधोक ने विषम परिस्थति में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बधाई दी है। कहा कि आने वाले समय में भी आनलाइन अध्ययन के लिए तैयार रहने की जरूरत है।
परीक्षा में छात्रों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
डीपीएस काशी के प्रो. वाइस चेयरमैन आयुष पोद्दार, प्रधानाचार्य सुनील सिंह रावत ने बताया कि विद्यालय के 66 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किया है। श्री आदित्य नारायण सिंह पब्लिक स्कूल में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रधानाचार्य संतोष सिंह ने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की है जीवनदीप पब्लिक स्कूल के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। अध्यक्ष डॉ. अशोक सिंह, डा. अंशु सिंह, निदेशक डॉ. जेएन सिंह ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है।
आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में छात्र श्याम बबूना ने 99.60 प्रतिशत अंक के साथ परीक्षा पास किया है। इसके अलावा मयंक ड्रेलिया ने 98.80 अंक प्राप्त किया। प्रबंधक विनीत चोपड़ा, प्रधानाचार्य गणेशाय ने उज्जवल भविष्य की कामना की। जैपुरिया स्कूल बाबतपुर में छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मान बढ़ाया है। प्रबंध निदेशक मनोज बजाज, अधिशासी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, अनिल के जाजोदिया आदि ने बधाई दी है। लिटिल फ्लावर स्कूल सीनियर सेकेंड्री स्कूल का परिणाम भी शत प्रतिशत रहा। प्रबंधक नलिन गुलाटी, प्रधानाचार्य इंदु गुलाटी, अमिता सिंह ने छात्रों को बधाई दी है।
शत प्रतिशत रहे विद्यालयों के परिणाम
ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल लमही का परीक्षा परिणाम 99.97 प्रतिशत रहा। प्रधानाचार्य अनुपम राय ने बताया कि कुल 122 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। हैप्पी मॉडल स्कूल कुरहुआ में भी विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। समूह की निदेशिका नीता सिंह, उपनिदेशक डॉ. अंबिका भगत आदि ने बधाई दी है। स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल के प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानंद ने बारहवीं परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बताया कि परीक्षा में प्रियांशु कुमार और अनुभव नारायण सिंह 95.6 प्रतिशत अंक के साथ पहले स्थान पर रहे।
इसके अलावा अन्य छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल के सचिव राहुल सिंह ने बताया कि 91 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक और 228 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किया। बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल की प्रबंधक डा. जयशीला पांडेय और उप प्रबंधक मुकुल पांडेय ने बताया कि परिणाम शत प्रतिशत रहा। डीपीएस वाराणसी के छात्रों ने परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। निदेशक पंकज राजग्रिढ़या और गौतम राजगढ़िया ने छात्रों को बधाई दी है।