{"_id":"63091a594c063156534a4bae","slug":"1237-women-did-not-get-the-amount-of-janani-suraksha-yojana-faizabad-news-lko645399098","type":"story","status":"publish","title_hn":"Janani Suraksha Yojna: 1237 महिलाओं को नहीं मिली जननी सुरक्षा योजना की राशि","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Janani Suraksha Yojna: 1237 महिलाओं को नहीं मिली जननी सुरक्षा योजना की राशि
Sat, 27 Aug 2022 06:15 PM IST
लखनऊ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
Published by: लखनऊ ब्यूरो
Updated Sat, 27 Aug 2022 06:15 PM IST
सार
जिले में एक हजार से अधिक महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ नहीं मिल सका है। इस योजना के तहत मिलने वाली धनराशि से प्रसव के उपरांत महिलाओं के खानपान व देखभाल में काफी मदद मिलती है।
विज्ञापन
अयोध्या जिला महिला अस्पताल।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रसूताओं को मिलने वाली धनराशि समय पर नहीं मिल रही है। जिले में अभी भी 1237 महिलाओं को योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि नहीं दी गई है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की 1171 और शहरी क्षेत्र की 66 महिलाएं हैं। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को 1400 रुपये व शहरी महिलाओं को 1000 रुपये दिए जाने का प्रावधान है। भुगतान न होने के पीछे पिछले काफी समय से बजट न होना वजह मानी जा रही है। जबकि, कुछ भुगतान कागजी कोरम के चक्कर में नहीं हो सके हैं।
विज्ञापन
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने व जच्चा-बच्चा की बेहतर देखभाल के मकसद से सरकार ने जननी सुरक्षा योजना की शुरुआत की है। इसके तहत प्रसव के उपरांत प्रसूता को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाता है। इस धनराशि से प्रसव के उपरांत महिलाओं के खानपान व देखभाल में काफी मदद मिलती है। ग्रामीण महिलाओं को इसका खासा लाभ मिलता है। जिले में महिलाओं को प्रसव संबंधी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 28 पीएचसी, 14 सीएचसी के अलावा मुख्यालय पर जिला महिला अस्पताल संचालित है।
विज्ञापन
इन अस्पतालों में मौजूदा वित्तीय वर्ष एक अप्रैल से 20 अगस्त तक 9254 प्रसव कराए गए हैं। नियम के अनुसार प्रसव के तीन दिन के अंदर इन महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान कर दिया जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक इनमें से 1237 महिलाएं इस लाभ से वंचित हैं। कुल 8017 महिलाओं को ही प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया गया है।
विज्ञापन
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 9254 में से जिला महिला अस्पताल में 1109 महिलाओं का प्रसव हुआ है। जिसमें से 1043 महिलाओं को भुगतान किया गया है और 66 महिलाएं जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के लाभ से वंचित हैं। इन महिलाओं को 1000 रुपये की दर से कुल 6600 रुपये का भुगतान किया जाना है।
इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में 8145 महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया। इसमें से मात्र 6974 महिलाओं को ही जननी सुरक्षा योजना का लाभ मिला, 1171 महिलाएं आज भी इसके लाभ से वंचित हैं। योजना के तहत 1400 रुपये की दर से 16,39,400 रुपये का भुगतान किया जाना है। संपन्न परिवारों का तो कार्य चल जाता है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर तमाम परिवारों को समय पर राशि का भुगतान न होने से कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ रहा है।
जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रसूताओं का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया गया है। इस वित्तीय वर्ष में एनएचएम की ओर से इस मद में बजट जारी न किए जाने के कारण अप्रैल माह से ही दिक्कतें चल रही हैं। जुलाई माह तक काफी संख्या में महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना की प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया था। जुलाई में बजट आवंटित होने पर कुछ महिलाओं का भुगतान किया गया है। शेष के लिए बजट की डिमांड की गई है। ज्यादातर मामलों में समय पर भुगतान हो जाता है। कुछ मामलों में लाभार्थी द्वारा प्रस्तुत किए गए कागजात में कुछ कमियों की वजह से भी विलंब होता है। -डॉ. अजय राजा, सीएमओ, अयोध्या