Ram Navami Ayodhya Live Streaming: घर बैठे यहां देख सकेंगे सूर्य तिलक का लाइव प्रसारण, ये रहेगा पूरा कार्यक्रम
Ayodhya Ram Lalla Surya Tilak Live Steaming : भगवान रामलला के ललाट पर सूर्य किरणें 12 बजकर 16 मिनट पर करीब पांच मिनट तक पड़ेंगी, इसके लिए महत्वपूर्ण तकनीकी व्यवस्था की गई है।
विस्तार
आज देशभर में राम नवमी मनाई जा रही है। इस बार राम नवमी का पर्व बहुत ही विशेष रहने वाला होगा। 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद प्रभु श्रीराम के जन्म स्थान अयोध्या में बने भव्य मंदिर में राम नवमी मनाई जाएगी। यहां पर सूर्यवंशी भगवान श्रीराम के माथे पर स्वयं सूर्यदेव तिलक करेंगे। भगवान रामलला के ललाट पर सूर्य किरण 12 बजकर 16 मिनट पर करीब पांच मिनट तक पड़ेगी, इसके लिए महत्वपूर्ण तकनीकी व्यवस्था की गई है। वैज्ञानिक इस अलौकिक पलों को पूरी भव्यता से प्रदर्शित करने के लिए जुटे हुए हैं। इस खास पल के बारे में आपको अमर उजाला पल-पल की लाइव अपडेट देगा। हमने इसको लेकर खास तैयारी की है, जिसमें आप लाइव ब्लॉग पढ़ के साथ ही हमारे यूट्यूब चैनल पर भी इसका सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
भक्तों को 19 घंटे दर्शन देंगे रामलाल
रामनवमी के दिन रामलाल भक्तों को 19 घंटे दर्शन देंगे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने केवल राम जन्मोत्सव के दिन यानी 17 अप्रैल को ही दर्शन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। राम जन्मोत्सव के दिन सुबह 3:30 बजे से ही भक्त दर्शन के लिए लाइन में लग सकेंगे। रात 11 बजे तक श्रृंगार, राग-भोग व दर्शन साथ-साथ चलते रहेंगे।
मंदिर आने से पहले रखें इस बात का विशेष ध्यान
श्रीराम नवमी महोत्सव के दौरान मंगला आरती के बाद ब्रह्म मुहूर्त में अति प्रातः 3:30 बजे से अभिषेक, श्रृंगार एवं दर्शन साथ-साथ चलते रहेंगे। श्रृंगार आरती प्रातः 5:00 बजे होगी। श्री रामलला का दर्शन एवं सभी पूजा-विधि यथावत साथ-साथ चलती रहेगी। भगवान को भोग लगाने के लिए समय-समय पर अल्प-काल को पर्दा रहेगा। रात्रि 11:00 बजे तक दर्शन का क्रम पूर्ववत चलता रहेगा। इसके बाद परिस्थिति अनुसार भोग एवं शयन आरती होगी। रामनवमी पर शयन आरती के बाद मंदिर निकास मार्ग पर प्रसाद मिलेगा। दर्शनार्थी अपना मोबाइल, जूता, चप्पल, बड़े बैग एवं प्रतिबंधित सामग्री आदि मंदिर से दूर सुरक्षित रखकर आएं।
रामनवमी के दिन ढाई बजे से शुरू हो जाएंगे हनुमान लला के दर्शन
श्रद्धालुओं के लिए हनुमानगढ़ी में रामनवमी के दिन स्पेशल व्यवस्थाएं होगी। रामनवमी 17 अप्रैल को हनुमान जी का दर्शन पूजन और आरती का दौर रात 2:30 बजे से ही शुरू हो जाएगा। सुबह 3:30 पर दर्शनार्थियों का प्रवेश शुरू हो जाएगा। इसके बाद दोपहर 11:45 से 12:20 तक भगवान राम के जन्म आरती के लिए हनुमानगढ़ी का कपाट बंद रहेगा। रामनवमी को दोपहर की आरती 3:00 से 3:20 तक होगी। इसके बाद रात 10:00 बजे 10:30 बजे तक संध्या आरती होगी संध्या आरती में भी प्रवेश बंद रहेगा। आमजन के लिए रात 11:30 बजे हनुमान लला का बंद पट हो जाएगा।
हेलीकॉप्टर से होगी फूलों की बरसात
रामनवमी पर अयोध्या में बुधवार को हेलीकॉप्टर से फूलों की बरसात की जाएगी। राम की पैड़ी, रामकोट, सरयू तट, धर्मपथ, रामपथ समेत रामजन्मभूमि परिसर में फूलों की बरसात कर रामलला का जन्मदिवस मनाया जाएगा।