स्टूडेंट फुटबॉल लीग: अंडर-12 और अंडर-16 के फाइनल में पहुंचा सेंट कॉनरेड्स इंटर स्कूल
आगरा में स्टूडेंट फुटबॉल लीग आगरा की ओर से सेकेंड फुटबॉल लीग-2018 के दूसरे दिन एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में कई शानदार मुकाबले खेले गए। अंडर-12 और अंडर-16 दोनो वर्गों में खेले गए सेमी फाइनल मैच जीतकर सेंट कॉनरेड्स स्कूल की टीम ने फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
अंडर-12 में खेले गए लीग मुकाबले में सेंट कॉनरेड्स इंटर स्कूल ने सेंट पॉल्स इंटर स्कूल को 3-0 से हरा दिया। दूसरा लीग मैच में देहली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल और सेंट पॉल्स इंटर स्कूल के मध्य खेला गया। इस मैच में देहली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल ने सेंट पॉल्स इंटर स्कूल को 1-0 से हराया।
टीमों के अंकों के आधार पर सेंट कॉनरेड्स पब्लिक स्कूल और देहली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल के मध्य फाइनल मैच खेला जाएगा। दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में स्टूडेंट फुटबॉल लीग के प्रदेश अध्यक्ष मेघ सिंह यादव, सीवी जेडली ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
अंडर-16 में खेला गया पहला लीग मैच सेंट पॉल्स इंटर स्कूल और सेंट कॉनरेड्स इंटर स्कूल के मध्य हुआ। इस मैच में सेंट पॉल्स ने सेंट कॉनरेड्स को 3-0 से हरा दिया। दूसरा लीग मैच द इंटरनेशनल स्कूल और देहली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल के बीच हुआ। यह मैच दोनों टीमों के बीच 1-1 से ड्रा पर समाप्त हुआ।
तीसरा लीग मैच एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम और सेंट पॉल्स इंटर स्कूल के बीच हुआ। यह मैच भी 1-1 से ड्रा पर समाप्त हुआ। पहला सेमी फाइनल मैच सेंट कॉनरेड्स इंटर स्कूल और टीवाईसी के मध्य खेला गया। इस मैच में सेंट कॉनरेड्स ने टीवाईसी को 1-0 से हराया। इसके साथ ही इस वर्ग में भी सेंट कॉनरेड्स की टीम फाइनल में पहुंच गई।
इस वर्ग का दूसरा सेमी फाइनल मैच आज खेला जाएगा। अंडर-19 में खेले गए पहले लीग मैच में एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम ने एयरफोर्स स्कूल को 1-0 से हरा दिया। आज इस वर्ग में तीन लीग मैच और दो सेमी फाइनल मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के रेफरी देवेंद्र कुमार, सोनू वर्मा, सनी ठाकुर, संजीव, ऋतिक वाजपेयी रहे। मैच के दौरान अनंत कौशिक, यमन डारमेलिया, दिव्यांश मिश्रा, दिव्यांशु गर्ग, नितिन कुमार, विकास सिंह यादव आदि उपस्थित रहे।
अगले सीजन में बड़े स्तर पर होगी लीग
स्टूडेंट फुटबॉल लीग में स्कूली टीमों के खिलाड़ियों में फुटबॉल के लिए जोश दिखाई दे रहा है। स्टूडेंट फुटबॉल लीग के प्रदेश अध्यक्ष मेघ सिंह यादव का कहना है कि सालों बाद ऐसा देखने को मिल रहा है, जब स्कूली बच्चों को क्रिकेट के बाद फुटबॉल के खेल में मजा रहा है। यही कारण है कि लीग मैच में छोटे फुटबॉलर भी अपने डिफेंस और अटैक का जलवा दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लीग की सफलता को देखते हुए स्टूडेंट फुटबॉल लीग अगली बार बड़े स्तर पर इस प्रतियोगिता का आयोजन करेगा।
यादव का कहना था लीग की कोशिश रहेगी कि अगले सीजन में लीग में कम से कम चालीस से पचास टीमों को जोड़ा जाए। साथ ही इसके आयोजन के दिन भी बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले सीजन में बड़े स्तर का ईनाम भी विजेता और उप विजेता टीमों के लिए रखा जाएगा।