फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Why paris Seine river pollution is a concern for the Olympics organizers

Paris Olympics: ओलंपिक के लिए क्यों सिर दर्द बनी सीन नदी, कैसे तड़के साढ़े तीन बजे तय होगा स्पर्धा होगी या नहीं?

Sat, 27 Jul 2024 06:18 AM IST
शिवेंद्र तिवारी स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Sat, 27 Jul 2024 06:18 AM IST
विज्ञापन
सार
Seine River Paris: पेरिस ओलंपिक में मैराथन तैराकों और ट्राइएथलीटों की स्पर्धाएं सीन नदी में होंगी। हालांकि, नदी के घातक प्रदूषण के चलते पिछले 100 से अधिक वर्षों से इसमें तैराकी पर पाबंदी लगी हुई है। ओलंपिक खेलों के शुरू होने से चंद दिन पहले नदी में बैक्टीरिया के असुरक्षित स्तर का पता चला था। 
loader
Why paris Seine river pollution is a concern for the Olympics organizers
सीन नदी, पेरिस ओलंपिक 2024 - फोटो : AMAR UJALA/

विस्तार

खेलों का महाकुंभ यानी ओलंपिक आज से शुरू हो चुका है। फ्रांस की राजधनी पेरिस में इसका आयोजन हो रहा है। पेरिस 100 साल बाद ओलंपिक की मेजबानी कर रहा है। पेरिस 2024 ओलंपिक अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इस बार ओलंपिक खेलों का उद्घाटन समारोह पेरिस से होकर बहने वाली ऐतिहासिक सीन नदी के किनारे हुआ। 


ओलंपिक खेल 26 जुलाई से 11 अगस्त 2024 तक होंगे। इस दौरान 10,500 एथलीट 329 इवेंट में स्पर्धा करेंगे। मैराथन तैराकों और ट्राइएथलीटों की स्पर्धाएं सीन नदी में होंगी। हालांकि, ये इवेंट काफी चुनौतीपूर्ण होंगे जिसका कारण है सीन का घातक प्रदूषण। यह नदी मानव स्वास्थ्य के लिए इतनी खतरनाक है कि पिछले 100 से अधिक वर्षों से सीन नदी में तैराकी प्रतिबंधित है। ओलंपिक खेलों के आयोजन से पहले नदी को साफ करने में करीब 125 अरब रुपये खर्च किए गए हैं लेकिन चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं। 


आइये जानते हैं कि सीन नदी क्या इतिहास है? नदी का प्रदूषण कितनी बड़ी समस्या है? पेरिस ओलंपिक से पहले नदी की सफाई कैसी हुई? इस ओलंपिक की स्पर्धाएं कैसी होंगी? 

 

सीन नदी, पेरिस ओलंपिक 2024
सीन नदी, पेरिस ओलंपिक 2024 - फोटो : AMAR UJALA
सीन नदी क्या इतिहास है? 
फ्रांस की सीन नदी दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित नदियों में से एक है। सीन नदी इतिहास और साहित्य में सबसे रोमांटिक नदी कही जाती है। यह बरगंडी से पेरिस होते हुए नॉरमैंडी में समुद्र तक 481 मील तक फैली है। सीन नदी राजधानी पेरिस से उत्तर-पश्चिम दिशा में बहती है। 

प्राचीन रोमनों द्वारा स्थापित किए जाने के बाद से नदी पेरिस की पहचान बनी है। इसी नदी के किनारों पर मध्य युग में व्यापारियों ने पहली बार बसावट की थी। इसी नदी के किनारे पर ही दुनिया के बेहतरीन वास्तुकारों ने एफिल टॉवर, नोट्रे डेम कैथेड्रल जैसे संग्रहालय बनाए। कहा जाता है कि सीन नदी ही वह कारण है जिसके कारण पेरिस बना।

इस नदी से एफिल टॉवर और म्यूसी डी'ऑर्से जैसे शहर के ऐतिहासिक स्थलों के मनोरम दृश्य दिखाए देते हैं। सीन फ्रांस में दूसरी सबसे लंबी नदी है। नदी की कुल लंबाई 780 किलोमीटर है। नदी पर पेरिस शहर की अत्यधिक निर्भरता के साथ-साथ इसके बेसिन उपजाऊ केंद्र हैं। सीन नदी, खासतौर पर पेरिस के नीचे, एक बेहतरीन यातायात राजमार्ग है। यह पेरिस को समुद्र और विशाल समुद्री बंदरगाह हैले हावरे रूएन से जोड़ती है। सीन का पानी नदी के किनारे रहने वाली आबादी के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन है। 19वीं सदी की शुरुआत से ही इसमें सुधार किए गए। नौवहन को बेहतर बनाने के लिए इसके जल स्तर को ऊपर उठाया गया था। 

सीन नदी
सीन नदी - फोटो : Anne Hidalgo/FB
सीन नदी में प्रदूषण कितनी बड़ी समस्या है? 
इस ऐतिहासिक नदी ने पिछले कुछ दशकों में प्रदूषण का बोझ भी ढोया है। यह नदी इतनी प्रदूषित है कि पिछले 100 वर्षों से ज्यादा से इसमें तैराकी पर पाबंदी लगी है। कहा जाता है कि 16वीं सदी में युद्धों में मारे गए लोगों के शवों को सीन में फेंका गया था। वहीं हाल के दशकों में टीवी सेट, मोटरसाइकिल और अन्य बड़ी वस्तुओं को नदी में फेंक कर इसे दूषित कर दिया गया। हालांक, आधुनिक समय में प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत अनगिनत टन अपशिष्ट जल है। घरेलू और औद्योगिक सीवेज को नदी में डालना प्रदूषण की एक बड़ी वजह रहा है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हर साल 360 टन बड़ी वस्तुओं को सीन नदी से बाहर निकाला जाता है।

सीन नदी की सफाई फ्रांस में दशकों से एक सियासी मुद्दा भी बनता रहा है। 1990 में, पेरिस के तत्कालीन मेयर और बाद में फ्रांस के राष्ट्रपति बने जैक्स शिराक ने घोषणा की थी कि वे सीन नदी की सफाई का एक बड़ा अभियान शुरू करेंगे और तीन साल में इसमें तैरेंगे। हालांकि, यह योजना वर्षों तक ठंडे बस्ते में पड़ी रही और 2019 में शिराक की मृत्यु हो गई।

2016 में फ्रांस ने 2024 ओलंपिक खेलों की बोली जीती थी। उस वक्त पेरिस की मौजूदा मेयर हिडाल्गो ने वादा किया था कि शहर 2024 तक एक व्यापक पर्यावरणीय बदलाव से गुजरेगा। उनकी बोली की मुख्य बात ओलंपिक एथलीटों को नदी में तैरने में लायक बनाना था। 

पेरिस ओलंपिक
पेरिस ओलंपिक - फोटो : Twitter
पेरिस ओलंपिक से पहले नदी की सफाई कैसी हुई?
फ्रांस के ओलंपिक आयोजक नदी की सफाई के लिए पिछले कई वर्षों से लगे हुए थे। दुनिया की सबसे रोमांटिक नदी को साफ करने के लिए अरबों डॉलर खर्च किए गए। भारी बारिश और तूफान के दौरान पानी के भारी बहाव को रोकने के लिए सीन नदी के नीचे एक विशाल टैंक बनाने में $1.5 बिलियन (करीब 125 अरब रुपये) खर्च किए। इसी टैंक में पानी को धीरे-धीरे अपशिष्ट जल सुविधा में डाला जाता है, जहां इसका उपचार किया जाता है और फिर साफ पानी को वापस सीन में प्रवाहित किया जाता है। इंजीनियरों ने नदी में रिसने वाले दूषित सीवेज की मात्रा को कम करने के लिए सीन के किनारे नावों और घाटों से सीवेज पाइपों को भी अपग्रेड किया। 

सीन नदी की सफाई में तमाम प्रयासों के बावजूद, अंतिम समय में ओलंपिक आयोजक इसे अस्थायी रूप से बदलना चाहते थे। दरअसल, ओलंपिक खेलों के शुरू होने से चंद दिन पहले परीक्षण के दौरान नदी में बैक्टीरिया के असुरक्षित स्तर का पता चला। इस बीच, पेरिस के अधिकारियों ने रिपोर्ट में बताया कि 24 जून से 2 जुलाई तक नौ में से छह दिन नदी तैराकी के लायक थी।

पेरिस ओलंपिक 2024
पेरिस ओलंपिक 2024 - फोटो : PTI
तो ओलंपिक की स्पर्धाएं होंगी या नहीं?
खेल के दिन करीब थे और नदी का प्रदूषण आयोजकों के लिए अभी भी सिर दर्द बना हुआ था। ऐसे में सीन नदी की स्वच्छता और सुरक्षा को दुनिया के लिए पेरिस की मेयर ऐनी हिडाल्गो और पेरिस 2024 आयोजन समिति के अध्यक्ष टोनी एस्टांगुएट ने 17 जुलाई को इसमें गोता लगाया। मेयर हिडाल्गो ने डुबकी लगाने के बाद एलान किया, 'खेलों के बाद हम सभी लोगों के लिए नदी में एक स्विमिंग पूल बनाएंगे।' 

ऐसा होगा या नहीं, यह अभी भी संदेह के दायरे में है। दरअसल, मैराथन तैराकी और नदी में ट्रायथलॉन के तैराकी इवेंट को आयोजित करने का अंतिम फैसला संबंधित खेलों से जुड़ी प्रशासनिक संस्थाएं लेंगी। जबकि इन संस्थाओं का निर्णय निर्धारित इवेंट से एक दिन पहले और सुबह पेरिस के अधिकारियों द्वारा जुटाए गए डेटा पर निर्भर करेगा।  प्रत्येक स्पर्धा के दिन तड़के 3:30 बजे (पेरिस समयानुसार) एक बैठक होगी, जिसमें इस बात पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा कि एथलीट सीन नदी में प्रतिस्पर्धा करेंगे या नहीं। यह बैठक पेरिस के अधिकारियों, पेरिस 2024 ओलंपिक अधिकारियों, खेल महासंघ, क्षेत्रीय अधिकारियों और फ्रांस के मौसम संबंधी संगठन के बीच होगी।

आयोजकों ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि खेलों के करीब आने पर सीन नदी के पानी की प्रतिदिन दो बार जांच की जाएगी। वहीं वैरेस-सुर-मार्ने में मैराथन तैराकी के लिए एक वैकल्पिक जगह है। प्रतियोगिता के दिनों में नदी को असुरक्षित पाए जाने पर ट्रायथलॉन को स्थगित करने या तैराकी के हिस्से को पूरी तरह से छोड़ने की आकस्मिक योजना है। हालांकि, अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और फिलहाल दो स्पर्धाएं सीन नदी के लिए निर्धारित हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed