लाल बजरी पर बढ़े विदेशी, भारतीय दिग्गज के रथ थमे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका को 3-6, 6-4, 6-2 से पराजित कर चौथे राउंड में प्रवेश किया। तीसरे दौर के एक अन्य अहम मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त चेक गणराज्य की पेत्रा क्विटोवा ने आसानी से जीत दर्ज की।
उन्होंने 30वीं सीड रोमानिया की बेगू को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया। वहीं 10वीं वरीयता प्राप्त जर्मनी की आंद्रिया पेटकोविक को उलटफेर का सामना करना पड़ा। उन्हें इटली की सारा इरानी ने शिकस्त दी।
17वीं सीड सारा ने यह मुकाबला 6-3, 6-3 से अपने नाम किया। महिला सिंगल्स के अन्य मुकाबले में रोमानिया की आंद्रिया मितू भी अगले दौर में पहुंचने में कामयाब रहीं। उन्होंने 2010 की फ्रेंच ओपन चैंपियन इटली की फ्रांसिस्का शियावोन को 7-5, 6-4 से शिकस्त दी।
महिला सिंगल्स में एक और उलटफेर देखने को मिला जब 23वीं सीड टिमिया ने 16वीं वरीयता प्राप्त अमेरिका की मैडिसन कीस को 6-4, 6-2 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया। अमेरिकी की स्लोएन स्टीफेंस ने बुल्गारिया की पिरोनकोवा को 6-4, 6-1 से हराया।
जोकोविच और एंडी मरे भी निकले आगे
साल के दूसरे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन में पुरुष दिग्गजों नोवाक जोकोविच, राफेल नदाल और एंडी मरे ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर आसानी से प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। लाल बजरी पर दिग्गजों का कारवां बढ़ने के साथ ही टूर्नामेंट के आगे का सफर बेहद रोमांचक हो गया है।
शनिवार को खेले गए तीसरे दौर के मुकाबले में शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने ऑस्ट्रेलिया के थानासी कोकिनाकिस को सीधे सेटों में बाहर का रास्ता दिखाया। नोवाक ने यह मुकाबला 6-4, 6-4, 6-4 से अपने नाम किया।
छठी वरीयता प्राप्त स्पेनिश टेनिस स्टार राफेल नदाल को रूस के कुजनेत्सोव को बाहर करने में ज्यादा परेश्ाानी पेश नहीं आई। नदाल ने उन्हें 6-1, 6-3, 6-2 से शिकस्त दी।
वहीं तीसरी वरीयता प्राप्त ब्रिटेन के एंडी मरे ने भी प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने 29वीं सीड ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गिस की चुनौती को 6-4, 6-2, 6-3 से ध्वस्त किया, जबकि सातवीं सीड स्पेन के डेविड फेरर ने इटली के साइमन बोलेली को 6-3, 1-6, 5-7, 6-0, 6-1 से मात दी।
15वीं सीड द. अफ्रीका के केविन एंडरसन को 20वीं सीड फ्रांस के रिचर्ड गास्केट ने 4-6, 7-6, 7-5, 6-4 से हराया। नौवीं वरीयता प्राप्त क्रोएशिया के मारिन सिलिक ने 23वीं सीड अर्जेंटीना के लियानार्डो मेयर को 6-3, 6-2, 6-4 से बाहर का रास्ता दिखाया। गैरवरीय फ्रांस के जेरेमी चार्डी का सफर भी जारी है।
उन्होंने 17वीं वरीयता प्राप्त जर्मनी के डेविड गोफिन को 6-3, 6-4, 6-2 से मात देकर प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
पेस-हिंगिस पराजित
भारत के लिएंडर पेस को मिक्स्ड डबल्स में हार का मुंह देखना पड़ा। कैटरीना श्रेवोत्निक और होरिया टेकाऊ ने स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस और लिएंडर पेस की जोड़ी को दूसरे दौर में 7-6, 3-6, 6-10 से हराया।
पेस-हिंगिस ने चार डबल्स फॉल्ट किए जबकि स्लोवेनिया की श्रेबोत्निक और रोमानिया के तेकाऊ ने तीन डबल्स फॉल्ट किए। भारतीय स्विस जोड़ी ने चार में से दो ब्रेक प्वाइंट अर्जित किए जबकि कैटरीना और तेकाऊ ने 5 में से तीन ब्रेक प्वाइंट जीते।
तीसरे दौर में पहुंचे तीसरे वरीय डोडिंग-मेलो
पुरुष डबल्स में तीसरी वरीयता प्राप्त क्रोएशिया के डोडिंग व ब्राजील के मेलो की जोड़ी ने स्पेन के गार्सिया लोपेज और फ्रांस के रोजर वेसनिन को 6-1, 6-4 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई।
एक अन्य मुकाबले में मोलदोवा के रादू एल्बोट व चेक गणराज्य के रोसोल ने अर्जेंटीना के गोंजालेज और ब्राजील के आंद्रे सा को 2-6, 7-6, 7-5 से हराया।