फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Tennis ›   US Open: Who is Mariano Navone? Meet the Argentine Who Stunned Novak Djokovic in Round 1

कौन हैं मैरियानो नवोने: जिन्होंने जोकोविच को हराकर मचाया तहलका? जानें अर्जेंटीना के इस स्टार की कहानी

Mon, 31 Aug 2026 03:42 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, न्यूयॉर्क Published by: स्वप्निल शशांक Updated Mon, 31 Aug 2026 03:42 PM IST
सार

अर्जेंटीना के 25 वर्षीय मैरियानो नवोने ने यूएस ओपन के पहले दौर में 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच को पांच सेट में हराकर सबसे बड़ा उलटफेर किया। क्ले कोर्ट के विशेषज्ञ माने जाने वाले नवोने का हार्ड कोर्ट रिकॉर्ड मजबूत नहीं रहा है, लेकिन उन्होंने जोकोविच के खिलाफ करियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

विज्ञापन
US Open: Who is Mariano Navone? Meet the Argentine Who Stunned Novak Djokovic in Round 1
नवोने ने जोकोविच को हराया - फोटो : IANS

विस्तार

न्यूयॉर्क में यूएस ओपन 2026 के पहले दौर में जब मैरियानो नवोने का सामना नोवाक जोकोविच से हुआ तो दुनिया की नजरें 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन पर थीं। लेकिन चार घंटे 36 मिनट तक चले मुकाबले के बाद कहानी पूरी तरह बदल चुकी थी। दुनिया के 49वें नंबर के खिलाड़ी नवोने ने चौथी वरीयता प्राप्त जोकोविच को 7-6(5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया।
विज्ञापन


जोकोविच यूएस ओपन में 20वीं बार उतर रहे थे और इससे पहले फ्लशिंग मीडोज में कभी पहले दौर का मुकाबला नहीं हारे थे। नवोने की जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि यह उनका हार्ड कोर्ट पर मजबूत रिकॉर्ड रखने वाले खिलाड़ी के खिलाफ नहीं, बल्कि ग्रैंड स्लैम इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक के खिलाफ आया। आखिर कौन हैं मैरियानो नवोने, जिन्होंने अपने आदर्शों में शामिल जोकोविच को ही यूएस ओपन के पहले दौर में बाहर कर दिया?
विज्ञापन

US Open: Who is Mariano Navone? Meet the Argentine Who Stunned Novak Djokovic in Round 1
नवोने ने जोकोविच को हराया - फोटो : IANS
25 साल के हैं अर्जेंटीना के नवोने
मैरियानो नवोने 25 साल के अर्जेंटीना के टेनिस खिलाड़ी हैं। उनका खेल मुख्य रूप से क्ले कोर्ट पर ज्यादा प्रभावी माना जाता है। आंकड़े भी इसकी गवाही देते हैं। क्ले कोर्ट पर उनका करियर रिकॉर्ड 44 जीत और 32 हार का है, जबकि हार्ड कोर्ट पर वह अब तक 12 मैच जीत सके हैं और 29 में उन्हें हार मिली है। यही वजह है कि यूएस ओपन जैसे हार्ड कोर्ट ग्रैंड स्लैम में जोकोविच के खिलाफ उनकी जीत को उनके करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

नवोने ने अप्रैल 2026 में अपना पहला एटीपी टूर खिताब जीता था। उन्होंने क्ले कोर्ट पर खेले गए बुखारेस्ट ओपन के फाइनल में डेनियल मेरिडा एगुइलर को हराकर यह उपलब्धि हासिल की थी। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्हें बोटिक वान डे जैंडशुल्प के खिलाफ दो मैच प्वाइंट भी बचाने पड़े थे।

US Open: Who is Mariano Navone? Meet the Argentine Who Stunned Novak Djokovic in Round 1
नवोने ने जोकोविच को हराया - फोटो : IANS
ऑगर-अलियासिमे और रूड को भी हरा चुके हैं
जोकोविच को हराना नवोने की पहली बड़ी जीत नहीं है। इससे पहले भी वह बड़े खिलाड़ियों को चौंका चुके हैं। उन्होंने बीएनपी पारिबास एरिना में दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को हराकर पहली बार एटीपी मास्टर्स 1000 के तीसरे दौर में जगह बनाई थी। इसके अलावा जिनेवा ओपन के सेमीफाइनल में उन्होंने दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी कैस्पर रूड को भी शिकस्त दी थी। रूड इस टूर्नामेंट को तीन बार जीत चुके हैं। नवोने जून 2024 में कैग्लियारी में अपना छठा चैलेंजर खिताब जीतने के बाद करियर की सर्वश्रेष्ठ 29वीं रैंकिंग तक भी पहुंचे थे।
विज्ञापन

ग्रैंड स्लैम डेब्यू पर ही बनाया था अनोखा रिकॉर्ड
नवोने की ग्रैंड स्लैम कहानी भी काफी दिलचस्प है। वह सभी चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों के मुख्य ड्रॉ में खेल चुके हैं। 2024 फ्रेंच ओपन में उन्होंने ग्रैंड स्लैम मुख्य ड्रॉ में डेब्यू किया था और पहले ही मुकाबले में पूर्व विश्व नंबर-10 पाब्लो कारेनो बुस्टा को हराया था। उनके ग्रैंड स्लैम डेब्यू की सबसे खास बात यह थी कि वह ओपन एरा में अपने ग्रैंड स्लैम मुख्य ड्रॉ डेब्यू पर सीड हासिल करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बने। उन्हें फ्रेंच ओपन 2024 में 31वीं वरीयता दी गई थी। इसके बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 में भी उन्होंने दूसरे दौर में जगह बनाई। वहां उन्होंने इंग्लैंड के जैक ड्रेपर को हराया था, जो उसी साल जून में विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान तक पहुंचे।

US Open: Who is Mariano Navone? Meet the Argentine Who Stunned Novak Djokovic in Round 1
नवोने ने जोकोविच को हराया - फोटो : IANS
जोकोविच को हराना बना करियर का सबसे बड़ा पल
अब तक नवोने के करियर की सबसे बड़ी जीत जोकोविच के खिलाफ आई है। खास बात यह है कि जोकोविच उनके आदर्शों में शामिल हैं और पहली बार उनका सामना करने का मौका ही नवोने के लिए सपने जैसा था। जीत के बाद अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी ने अपनी भावनाएं छिपाईं नहीं। उन्होंने कहा, 'यह शानदार है। जिस तरह से हमने खेला, ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम के खिलाफ पांच सेट का मुकाबला। मैं बहुत खुश हूं। मुझे नहीं पता, मैं क्या कहूं?' जोकोविच के खिलाफ पहली बार खेलने के अनुभव पर नवोने ने कहा, 'यह अविश्वसनीय है। इसका मेरे लिए बहुत मतलब है। यह सपने के सच होने जैसा है, मेरा मतलब है, सच में, 100 प्रतिशत। अब मुझे रिकवर करना होगा। मुझे लगता है कि लगभग 12 बज रहे हैं, इसलिए हमें सोने जाना होगा।'

जोकोविच की मुश्किलों का भी मिला फायदा
मुकाबले में नवोने को जोकोविच की शारीरिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। सर्बियाई खिलाड़ी मैच के दौरान कई बार उल्टी करते नजर आए। तीसरे सेट में भी उनकी तबीयत बिगड़ी और बाद में ऐंठन और दर्द ने उनकी परेशानी बढ़ा दी। जोकोविच ने मुकाबले के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि यह साफ था कि कोर्ट पर मेरे लिए यह बहुत खराब अनुभव था। दुर्भाग्य से, इस साल लगभग हर मैच में मैं कुछ न कुछ ऐसी समस्या झेल रहा हूं। उल्टी, शरीर से सब कुछ निकल जाना, यह एक गंभीर समस्या थी। इसके बाद मेरा पूरा शरीर जवाब देने लगा, मूल रूप से ऐंठन और दर्द शुरू हो गया।' उन्होंने आगे कहा, 'हां, आखिर में मेरी पीठ ने जवाब दे दिया और कंधे में भी समस्या हुई और मैं मैच खत्म नहीं कर सका।'

US Open: Who is Mariano Navone? Meet the Argentine Who Stunned Novak Djokovic in Round 1
नवोने ने जोकोविच को हराया - फोटो : IANS
एक जीत ने नवोने को टेनिस इतिहास में पहुंचाया
नवोने ने न सिर्फ जोकोविच को हराया, बल्कि उनके 2006 के बाद से ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में लगातार जीत के सिलसिले को भी खत्म कर दिया। जोकोविच इससे पहले 2006 ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद किसी मेजर के पहले दौर में नहीं हारे थे। नवोने के लिए यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि हार्ड कोर्ट पर उनका रिकॉर्ड क्ले कोर्ट की तुलना में काफी कमजोर रहा है। इसके बावजूद उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े मंचों में से एक पर अपने आदर्श और 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन को हराकर अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। एक ऐसा खिलाड़ी, जिसकी पहचान अब तक मुख्य रूप से क्ले कोर्ट और चैलेंजर टूर से जुड़ी रही थी, उसने यूएस ओपन के सबसे बड़े कोर्ट पर इतिहास रच दिया। और इस जीत के बाद ‘मैरियानो नवोने कौन हैं?’ का जवाब पूरी टेनिस दुनिया को मिल चुका है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed