यूएस ओपन: जोकोविच की निगाह करियर ग्रैंड स्लैम पर, बार्टी और बेलिंडा भी तीसरे दौर में
- फ्रांस की ग्रेचेवा ने बडोसा को बनाया उलटफेटर का शिकार
- 11वीं जीत है यह एशले की साल के आखिरी ग्रैंडस्लैम में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दुनिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने अमेरिकी ओपन के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। दूसरे दौर में उन्होंने नीदरलैंड के टेलोन ग्रीक्सपूर को सीधे सेटों में 6-2, 6-3, 6-2 से हराया। इसके साथ ही उन्होंने करियर ग्रैंड स्लैम के अपने सपने को पूरा करने की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। जोकोविच 1969 के बाद कैलेंडर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाला पहला पुरुष खिलाड़ी बनने की दावेदारी पेश कर रहे हैं। वह इस साल हार्ड कोर्ट पर ऑस्ट्रेलिया ओपन, क्ले कोर्ट पर फ्रेंच ओपन और ग्रास कोर्ट पर विंबलडन का खिताब जीत चुके हैं। सर्बिया का यह खिलाड़ी अगर यहां खिताब जीत लेता है तो यह उनका रिकॉर्ड 21वां पुरुष एकल ग्रैंड स्लैम खिताब होगा। ग्रैंड स्लैम खिताब के मामले में उनके साथ रोजर फेडरर और राफेल नाडल के नाम 20-20 खिताब है। इस साल ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में जोकोविच की यह 23वीं जीत है और वह इन दोनों ऐतिहासिक उपलब्धि को अपने नाम करने से पांच जीत दूर है।
दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन दुनिया की नंबर एक टेनिस खिलाड़ी एशले बार्टी और 11वीं वरीयता प्राप्त बेलिंडा बेसिंस साल के आखिरी ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन के तीसरे दौर में पहुंच गई। ऑस्ट्रेलिया की बार्टी ने डेनमार्क की कार्ला टाउसन को 6-1, 7-5 से और स्विट्जरलैंड की बेलिंडा ने मार्टिना को 6-3, 6-1 मात दी। बार्टी लगातार चौथी और बेलिंडा कुल पांचवीं बार तीसरे दौर में पहुंचीं। फ्रांस की वरवरा ग्रेचेवा ने स्पेन की पौउला बडोसा को 6-4, 6-4 से उलटफेर का शिकार बनाकर लगातार दूसरी बार दूसरे दौर की बाधा पार की।
स्टीफंस ने किया कोको को बाहर : 2017 की चैंपियन अमेरिका की स्लोएने स्टीफंस ने हमवतन कोको गॉफ को 6-4, 6-2 से बाहर का रास्ता दिखाया। स्टीफंस और कोको दोनों दोस्त हैं और मुकाबले के बाद एक-दूसरे को गले लगाया।
अर्याना सबालेंका ने तमारा जिदनसेक को 6-3, 6-1 से, बारबोरा क्रेजसिकोवा ने क्रिस्टीना मैकहेले को 6-3, 6-1 से, इलिना रेबकिना ने कैरालिना गार्सिया को 6-1, 6-4 से, डेनिएल कोलिंस ने काजा जुवान को 6-4, 6-2 से और कैमिला राखीमोका ने एकटेरिना अलेसांद्रोवा को 6-4, 6-1 से शिकस्त देकर तीसरे दौर का टिकट कटाया।
मेदवेदेव का सामना पाब्लो से
दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव ने जर्मनी के डोमिनिक कोएफेर को एक घंटे 48 मिनट में 6-4, 6-1, 6-2 से हराकर लगातार चौथी बार यहां तीसरे दौर में पहुंचे। वर्ष 2019 के उपविजेता मेदवेदेव के कॅरिअर की यह 201वीं जीत है।
अगले दौर में मेदवेदेव का सामना पाब्लो एंडुजर से होगा, जिन्होंने फिलिप को 6-4, 6-3, 6-1 से मात दी। स्टेफानोस सितसिपास फ्रांस के एड्रियन मान्नरिनो को 2 घंटे 41 मिनट में 6-3, 6-4, 6-7, 6-0 से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार तीसरे दौर में पहुंचे। अब सितसिपास की टक्कर कार्लोस अल्कराज से होगी, जिन्होंने ऑर्थर को 7-6, 4-6, 6-1, 6-4 से हराया।
अन्य मैचों में डिएगो श्वार्टजमैन ने केविन एंडरसन को 7-6, 6-3, 6-4 से, फ्रांसेस टियोफ ने गुइडो पेला को 6-1, 6-2, 7-5 से, रॉबर्टो बतिस्ता ने इमिल को 6-1, 6-3, 6-2 से, बॉटिक वान डि ने कैस्पर रूड को 3-6, 6-4, 6-3, 6-4 से, आंद्रे रूबलेव ने पेड्रो मार्टिनेज को 7-6, 6-7, 6-1, 6-1 से और डान इवांस ने मार्कोस गिरोन को 6-4, 7-6, 2-6, 6-3 से मात दी। ग्रिगोर दिमित्रोव ने एलेक्सी पोपीरिन को वॉकओवर दे दिया। दिमित्रोव जब मुकाबले हटे तब पोपीरिन 7-6, 7-6, 4-0 से आगे चल रहे थे।
अंकिता और दिविज हारे
भारत की अंकिता रैना और दिविज शरण युगल में अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए। अंकिता और यूक्रेन की उनकी जोड़ीदार कैटरीना बोंडारेंको को स्लोवेनिया की आंद्रेजा व क्रोएशिया की दरिजा जुराक के हाथों 1-6, 1-6 से हार मिली। दिविज और कोरिया के उनके जोड़ीदार क्वोन सू वू को ब्रिटेन के जो सैलिसबरी और अमेरिका के राजीव राम के हाथों 3-6, 4-6 से हार झेलनी पड़ी।