सोंगा और सिलिच पेरिस मास्टर्स के दूसरे दौर में, साल के आखिरी टूर्नामेंट से हटीं ओसाका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व यूएस ओपन चैंपियन मारिन सिलिच और जो विल्फ्रेड सोंगा ने पेरिस मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में पहले दौर की बाधा पार कर ली। सिलिच पहले गैरवरीयता प्राप्त खिलाड़ी थे जिन्होंने पोलैंड के हुबर्ट हरकास्ज को 7-6 (7/5), 6-4 से हराकर अंतिम 32 में प्रवेश किया। पेरिस मास्टर्स में 2008 के चैंपियन सोंगा ने रूस के आंद्रे रूबलेव को 4-6, 7-5, 6-4 से पराजित किया।
फ्रांस के जेरेमी चार्डी ने अमेरिका के सैम क्वेरी को 5-7, 6-3, 7-5 से और बेनोइट पियरे ने बोस्निया के दामिर जुमहुर को 7-5,6-4 से शिकस्त दी। फर्नांडो वर्दास्को ने बोर्ना कोरिक को 3-6, 6-4, 6-3 से, पूर्व विंबलडन चैंपियन मिलोस राओनिक ने ब्रिटेन के कैमरून नोरी को 6-3, 6-2 से, एड्रियन मान्नरिनो ने कैस्पर रूड को 6-4,6-2 से और कोरेंटिन मुटेट ने दुसान लाजोविक को 6-4,1-6, 6-3 से हराया।
ओसाका हटीं, किकी ने बार्टी को दी मात
दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन जापान की नाओमी ओसाका कंधे की चोट के कारण सत्र के आखिरी टूर्नामेंट डब्ल्यूटीए फाइनल्स से हट गई। उनकी जगह खेलने वाली दुनिया की नंबर दस खिलाड़ी किकी बर्टंस ने ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी को 3-6, 6-3, 6-2 से मात देकर जीत के साथ आगाज किया। यह लगातार दूसरा वर्ष है कि जब चोटिल होने के कारण ओसाका को साल की अंतिम प्रतियोगिता से हटना पड़ा। पिछले साल मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा था। ओसाका को बार्टी से खेलना था। ओसाका ने इस राउंड रोबिन टूर्नामेंट में रविवार को पेत्रा क्वितोवा पर जीत दर्ज करके अपने अभियान की शुरुआत की थी।
उन्होंने कहा, ‘मैं फाइनल्स से हटकर निराश हूं। यह शानदार प्रतियोगिता और डब्ल्यूटीए का सबसे बड़ा टूर्नामेंट है। मैं इस तरह से इस टूर्नामेंट और सत्र का अंत नहीं करना चाहती थी। उम्मीद है कि अगले साल मैं फिट रहूंगी और यहां सभी मैच खेलूंगी।’