Naomi Osaka: विंबलडन में ये कौन सी ड्रेस पहनकर खेलने उतरीं नाओमी ओसाका! किस फिल्म से था प्रेरित? खुद बताई वजह
नाओमी ओसाका ने विंबलडन 2026 के पहले दौर में 'किल बिल' से प्रेरित सफेद किमोनो पहनकर सबका ध्यान खींचा। उन्होंने एल्सा जैकमो को 6-1, 7-5 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। ओसाका ने बताया कि यह पोशाक उनकी जापानी विरासत और उनकी पसंदीदा फिल्म 'किल बिल' को समर्पित थी।
विस्तार
जीत के बाद ओसाका ने बताया कि उनका किमोनो उनकी जापानी विरासत और निर्देशक क्वेंटिन टोरेंटीनो की मशहूर फिल्म 'किल बिल' से प्रेरित था। उन्होंने कहा,
- 'मेरे लिए मेरी जापानी विरासत बहुत मायने रखती है। विंबलडन में सभी सफेद रंग पहनते हैं, इसलिए मैंने सोचा कि किमोनो पहनकर कोर्ट पर आना शानदार रहेगा।'
- 'किल बिल मेरी पसंदीदा फिल्मों में से एक है और मुझे लूसी लियू का किरदार ओ-रेन इशी बहुत पसंद है, जो सफेद किमोनो पहनती हैं।'
- 'मैं कभी-कभी वीडियो गेम के किरदार जैसा महसूस करना चाहती हूं। कोर्ट पर खेलते समय मैं खुद नहीं बनना चाहती और उस किरदार की ऊर्जा को अपने अंदर महसूस करने की कोशिश करती हूं।'
ओसाका ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में अपने अनोखे फैशन के लिए जानी जाती हैं। इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में वह तितलियों से सजी बड़ी टोपी, घूंघट और छतरी के साथ कोर्ट पर पहुंची थीं। वहीं फ्रेंच ओपन (रोलां गैरो) में उन्होंने पहले काले रंग का कॉर्सेट और लंबी स्कर्ट पहनी, जिसके बाद उसके नीचे मौजूद नाइकी की डिजाइन की गई सुनहरी ड्रेस में नजर आई थीं।
अब अगले दौर में होगी नई चुनौती
विश्व रैंकिंग में 14वें स्थान पर मौजूद ओसाका अब दूसरे दौर में दुनिया की 225वीं रैंकिंग वाली अनास्तासिया गसानोवा से भिड़ेंगी। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह पहला मुकाबला होगा। ओसाका ने अब तक विंबलडन में तीसरे दौर से आगे का सफर तय नहीं किया है और इस बार वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी करने की कोशिश करेंगी।