Video: फ्रेंच ओपन जीतने के बाद जोकोविच ने नन्हें फैन को दिया रैकेट, ऐसा था मासूम का रिएक्शन
नोवाक जोकोविच ने फ्रेंच ओपन 2021 का खिताब जीतने के बाद विनिंग रैकेट अपने एक प्रशंसक को दे दिया। फाइनल मुकाबले में जोकोविच ने ग्रीक के स्टेफानोस सितसिपास को शिकस्त दी थी।
विस्तार
13 जून को फ्रेंच ओपन 2021 पुरुष सिंगल्स का खिताबी मुकाबला विश्व के नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच और पांचवे वरीयता प्राप्त ग्रीक के स्टेफानोस सितसिपास के बीच खेला गया। इस मैच में दोनों खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। सितसिपास ने शुरुआत के दो सेट जीतकर सनसनी फैला दी। सबके जेहन में यही सवाल था कि सितसिपास फाइनल मुकाबले में जोकोविच को आसानी से हरा देंगे। लेकिन इसके बाद सर्बियाई स्टार ने मैच में वापसी की और लगातार 3 सेट जीतकर सितसिपास की उम्मीदों पर पानी फेर दिया सांसे थाम देने वाले इस मैराथन मुकाबले में उन्होंने स्टेफानोस सितसिपास को 6-7, 2-6, 6-3, 6-2, 6-4 से शिकस्त दी।
दोनों खिलाड़ियों के बीच ये मुकाबला 4 घंटे से अधिक देर तक चला। जोकोविच अपना 19 ग्रैंड स्लैम जीतने में सफल रहे। वह राफेल नडाल और रोजर फेडरर के जीते गए 20-20 ग्रैंड स्लैम रिकॉर्ड से सिर्फ एक कदम पीछे हैं। बीते 52 साल में वह टेनिस के पहले खिलाड़ी हैं जिन्होंने सभी ग्रैंड स्लैम कम से कम 2 बार जीते हैं। वहीं मैच के बाद जोकोविच ने जो किया उसने करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया।
This kid’s reaction when #Djokovic gave him his racket is everything pic.twitter.com/FWd34RJff7
विज्ञापन विज्ञापन— Drax (@LaMasiaStan) June 13, 2021
जोकोविच जब फाइनल मुकाबला खेल रहे थे तो उनको चीयर करने वाले हजारों लोगों में से एक नन्हा बालक भी था। वह भी जोकोविच का समर्थन कर रहा था। मैच के बाद जोकोविच उस बच्चे के पास गए और उसे अपना विनिंग रैकेट दे दिया। रैकेट पाने के बाद वह दंग रह गया और खुशी के मारे झूम उठा। उसके बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ।
मैच के बाद जोकोविच ने कहा, ये बच्चा पूरे मुकाबले के दौरान मेरे साथ था खासकर उस समय भी जब में 2 सेट से पीछे था। वह मेरा उत्साह बढ़ा रहा था। उन्होंने आगे कहा, वह मुझे रणनीति बता रहा था, वह ऐसा था। अपनी सर्विस पकड़ो, पहली गेंद आसानी से करो, उसके बैकहैंड पर जाओ। वह मुझे सचमुच कोचिंग दे रहा था। मैंने पाया वह बच्चा बहुत भोला और अच्छा है। इसलिए मैंने महसूस किया कि सबसे अच्छे व्यक्ति को अपना रैकेट दूं।