Sports News Today: 10 ओवर में नाै विकेट गंवाकर 62 रन ही बना सकी गोदौलिया ग्लेडियेटर्स, पढ़ें खेल की खबरें
वाराणसी में खेल प्रतियोगिताएं कई स्थानों पर आयोजित हो रही हैं। क्रिकेट, स्वीमिंग के साथ ही कई खेलों में खिलाड़ी अपना शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। जीते हुए खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Sports News Today: सनबीम रोहनिया ग्राउंड में बनारस क्रियेटर्स क्रिकेट लीग के चौथे दिन बुधवार को खेले गए दो मुकाबलों में बल्ले और गेंद का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला। गोदौलिया ग्लेडियेटर्स और अस्सी एवेंजर्स की टीम ने अपने अपने मुकाबले जीतकर अंक बटोरे।
दिन का पहला मुकाबला गोदौलिया ग्लेडियेटर्स और अस्सी एवेंजर्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोदौलिया ग्लेडियेटर्स की टीम अस्सी एवेंजर्स के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती दिखी।
टीम निर्धारित 10 ओवरों में 9 विकेट गवांकर केवल 62 रन ही बना सकी। गोदौलिया ग्लेडियेटर्स की ओर से अमन ने सर्वाधिक 24 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाजों का साथ न मिलने के कारण टीम एक बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। अस्सी एवेंजर्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी कर कुल 9 विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अस्सी एवेंजर्स की शुरुआत शानदार रही। टीम के सलामी बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया और बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य को आसानी से हासिल कर मैच जीत लिया। विवेक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 25 रन की नाबाद पारी खेली।
उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। अस्सी एवेंजर्स ने यह मुकाबला 10 विकेट से जीतकर लीग में अपनी स्थिति मजबूत की। इस मैच में गोदौलिया ग्लेडियेटर्स की गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण भी कुछ खास नहीं रहा, जिसका फायदा अस्सी एवेंजर्स के बल्लेबाजों ने उठाया।
दिन का दूसरा मुकाबला रामनगर रॉयल्स और सारनाथ स्पार्टन्स के बीच खेला गया। रामनगर रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 67 रन बनाए। टीम के लिए दीपक और अंकित ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए और रन जोड़े। हालांकि, स्पार्टन्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए रामनगर रॉयल्स के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
जवाब में स्पार्टन्स के बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत की और मात्र 7 ओवरों में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया। टीम के सलामी बल्लेबाज विश्वास ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 रन की पारी खेली, जिसमें कई छक्के और चौके शामिल थे। उनकी इस धुआंधार पारी ने रामनगर रॉयल्स के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया और टीम को आसानी से जीत मिल गई। विश्वास को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
द्वितीय वाराणसी कप रैपिड शतरंज प्रतियोगिता 31 को
द्वितीय वाराणसी कप रैपिड शतरंज प्रतियोगिता शनिवार को आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता केराकतपुर स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल में होगी। प्रतियोगिता में 160 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता ओपन कैटेगरी के साथ-साथ महिला वर्ग और विभिन्न आयु वर्गों जैसे अंडर 11, अंडर 13 और अंडर 17 (बालक एवं बालिका) में खेली जाएगी। ओपन वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार और ट्रॉफी या मेडल से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक खिलाड़ी जिला शतरंज एसोसिएशन के सचिव विजय कुमार से संपर्क करके अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
अनन्या ने ओलंपियाड में दी योग की प्रस्तुति
राज्य स्तरीय ओलंपियाड अंडर 14 से 17 आयु वर्ग प्रतियोगिता में सर्वेश्वरी इंटर कॉलेज की अनन्या सिंह ने वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व किया। कोच कमलेश ने बताया कि यह प्रतियोगिता मंगलवार को राजकीय जुबली इंटर कॉलेज लखनऊ में हुई।
सीबीएसई खेलकूद प्रतियोगिता के लिए तैयारी शुरू, 26 खेलों के होंगे आयोजन
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तहत आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारी पूरी कर ली गई है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की ओर से जिले के संबद्ध विद्यालयों से जोनल और क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए 20 मई तक ही प्रस्ताव मांगे गए थे।
प्रतियोगिताओं में सीबीएसई विद्यालय और मान्यता प्राप्त अन्य शिक्षण संस्थानों के लगभग डेढ़ से दो हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सीबीएसई की खेलकूद प्रतियोगिताएं आमतौर पर कई चरणों में आयोजित की जाती हैं, जिसमें क्लस्टर स्तर (क्षेत्रीय), जोनल स्तर (राज्यों के समूह), और अंत में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं शामिल होती हैं। इन आयोजनों में कई खेल जैसे एथलेटिक्स, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, तैराकी और जिम्नास्टिक सहित कुल 26 खेलों का आयोजन होगा।
केवीएस संगठन ने विद्यालयों से जो प्रस्ताव मांगे हैं, उनमें सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत देनी होगी। चयन समिति प्रस्तावों की गुणवत्ता, विद्यालय की भौगोलिक स्थिति जैसे मापदंडों के आधार पर मेजबान विद्यालयों का चयन करेगी।
इनकी सुनें
खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे जिसमें कई विद्यालयों ने प्रस्ताव भेज दिया है। चयन समिति प्रस्तावों की गुणवत्ता, विद्यालय की भौगोलिक स्थिति, पहुंच में आसानी जैसे मापदंडों के आधार पर मेजबान विद्यालयों प्रतियोगिता की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। - डॉ. अजय कुमार मिश्र, उपायुक्त
20वीं जूनियर एथलेटिक्स मीट जून में
20वीं राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स मीट (नीजडम) का आयोजन इस वर्ष जून में होने जा रहा है। भारतीय एथलेटिक्स संघ (एएफआई) ने प्रतियोगिता की घोषणा कर दी है। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश कुमार यादव ने बताया कि जिले की एथलेटिक्स टीम इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है। टीम का चयन पिछले महीने ही कर लिया गया था। प्रतियोगिता को पहलगाम आतंकी हमले के दौरान टाल दिया गया था।
बच्चों ने सीखी साइकिल दौड़ की तकनीक
साइक्लिंग को बढ़ावा देने के के लिए बुधवार को जिला साइक्लिंग संघ के सहयोग से बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, परमानंदपुर में साइक्लिंग प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया गया। 10 से 15 साल के बच्चों को साइकिल चलाने की जानकारी दी। जिला साइक्लिंग संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शैंपू ने कहा कि संघ का मुख्य लक्ष्य साइक्लिंग को एक लोकप्रिय खेल के रूप में स्थापित करना है। प्रशिक्षण में साइकिल रेसिंग की विभिन्न श्रेणियों की बच्चों को जानकारी दी जाएगी।
काशी में जगेगा वाटर पोलो का रोमांच कल होगा युवा खिलाड़ियों का चयन
काशी के युवाओं के लिए एक नया और रोमांचक खेल शुरू होने जा रहा है। पहली बार वाटर पोलो के गुर सिखाने की पहल शुरू हो रही है, जिसके लिए परमानंदपुर स्थित आदर्श तालाब में शुक्रवार को खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
आदर्श तालाब को वाटर पोलो प्रशिक्षण के लिए पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। 50 फीट लंबे, 30 फीट चौड़े और 10 फीट गहरे तालाब में पानी का पर्याप्त भराव किया गया है और सुरक्षा मानकों की भी जांच पूरी कर ली गई है।
खेल के मुख्य आयोजक डॉ. एके सिंह ने बताया कि वाराणसी जिले में वाटर पोलो खेल को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से यह पहली बार इस तरह का व्यापक स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। चयनित युवा तैराक खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा वाटर पोलो का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को इस खेल की बारीकियां, नियम और रणनीतियां सिखाई जाएंगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को जिला और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलेगा।
यह है वाटर पोलो
वाटर पोलो, जिसे आमतौर पर जलीय हैंडबॉल के रूप में भी जाना जाता है, एक टीम खेल है जो पानी में खेला जाता है। इस खेल में दो टीमें होती हैं, जिनमें प्रत्येक में सात खिलाड़ी (छह कोर्ट पर और एक गोलकीपर) होते हैं। खेल का उद्देश्य विपक्षी टीम के गोल में गेंद डालकर अंक अर्जित करना होता है। वाटर पोलो शारीरिक दमखम, तैराकी कौशल और टीम वर्क का एक संयोजन है।
राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए 30 से ट्रायल
राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए जिला और मंडल स्तर के ट्रायल की घोषणा कर दी गई है। क्षेत्रीय खेल अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में जिला स्तरीय ट्रायल 30 और मंडल स्तरीय ट्रायल 31 मई को होगा।
प्रदेश स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता 3 जून से 6 जून तक झांसी में होगी। वाराणसी क्षेत्र के इच्छुक और योग्य मुक्केबाज ट्रायल में भाग लेकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बना सकते हैं। ट्रायल में प्रदर्शन करने वाले मुक्केबाजों को झांसी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
गंगा की लहरों पर होगा तैराकी का संगम
गंगा का दरभंगा घाट इन दिनों तैराकी के शौकीनों का केंद्र बना हुआ है। यहां तीन साल के बच्चों से लेकर 55 साल की महिलाएं तैराकी के गुर सीख रही हैं। साथ ही अगले महीने होने वाली वार्षिक तैराकी प्रतियोगिता की भी तैयारी जोरों पर है। दो दिवसीय प्रतियोगिता 7 और 8 जून को होगी।
राष्ट्रीय स्तर के कुशल तैराकों की देखरेख में यहां प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संचालक और सरस्वती स्विमिंग संघ के संयुक्त सचिव नारायण चटर्जी ने बताया प्रतिभागियों को तैराकी की बारीकियां और तकनीक बताई जा रही है। यह प्रशिक्षण शिविर विशेष रूप से अगले महीने होने वाली जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने वालों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
इस साल दरभंगा घाट पर तैराकी का उत्साह और भी बढ़ गया है क्योंकि यहां वर्ष 1936 में स्थापित तैराकी संस्था, सरस्वती स्विमिंग एसोसिएशन 89वीं वार्षिक तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है। प्रतियोगिता प्रतिदिन शाम 4 बजे से शुरू होगी।
इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक तैराकों के शामिल होने की उम्मीद है। 7 जून को विश्व सुंदरी पुल से दरभंगा घाट तक लंबी दूरी की तैराकी प्रतियोगिता होगी। स्पर्धा के विजेता को गंगा श्री की उपाधि से अस्सी घाट पर सम्मानित किया जाएगा, जो तैराकी के क्षेत्र में बड़ा सम्मान माना जाता है।
7 जून को ही अस्सी घाट से दरभंगा घाट तक महिलाओं की विशेष तैराकी प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए उनकी भी तैराकी प्रतियोगिता होगी। गंगा नदी को पार करने की स्पर्धा भी इसका हिस्सा होगी।