Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   PM Narendra Modi to Interact with Indian Contingent After Record 114 Medals at Asian Para Games 2026

पीएम मोदी आज पैरा एशियाड के पदकवीरों से करेंगे संवाद: भारत ने जीते थे रिकॉर्ड पदक; कितने बजे होगा कार्यक्रम?

Thu, 05 Nov 2026 10:41 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Thu, 05 Nov 2026 10:41 AM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एशियाई पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल से नई दिल्ली में बातचीत करेंगे। भारत ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित रिकॉर्ड 114 पदक जीते। सुमित अंतिल, सिमरन शर्मा और मोना अग्रवाल जैसे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

विज्ञापन
PM Narendra Modi to Interact with Indian Contingent After Record 114 Medals at Asian Para Games 2026
पीएम मोदी - फोटो : ANI

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एशियाई पैरा गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल के खिलाड़ियों से बातचीत करेंगे। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम करीब 4:30 बजे आयोजित होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री खिलाड़ियों और अन्य उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। भारत ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित इन खेलों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक जीते थे।

विज्ञापन
Trending Videos

114 पदकों के साथ भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन
भारत ने एशियाई पैरा गेम्स 2026 में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 2023 में चीन के हांगझू में आयोजित एशियाई पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने 108 पदक जीते थे। उस दौरान भारत के खाते में 27 स्वर्ण पदक आए थे। इस बार भारतीय दल ने लगातार दूसरी बार 100 पदकों का आंकड़ा पार किया। यह पैरा खेलों में देश की बढ़ती ताकत और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को दर्शाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पैरा एथलेटिक्स ने दिलाए सबसे ज्यादा पदक
भारत के लिए पैरा एथलेटिक्स सबसे सफल खेल रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने इस स्पर्धा में 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 65 पदक जीते। वहीं, पैरा बैडमिंटन में भारत को 16 पदक मिले, जिनमें तीन स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य शामिल रहे। पैरा तैराकी में भारतीय खिलाड़ियों ने 11 पदक जीते। इसके अलावा पैरा तीरंदाजी में तीन स्वर्ण सहित छह पदक और पैरा शूटिंग में दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित पांच पदक भारत के खाते में आए। अन्य खेलों में पैरा टेबल टेनिस में सात कांस्य, पावरलिफ्टिंग में दो रजत और जूडो में एक रजत तथा एक कांस्य पदक मिला।
विज्ञापन

सुमित अंतिल और सिमरन शर्मा ने रचा इतिहास
भारत के प्रमुख खिलाड़ियों में भाला फेंक खिलाड़ी सुमित अंतिल और धाविका सिमरन शर्मा शामिल रहीं। सुमित ने पुरुषों की एफ42-एफ44/एफ61-एफ64 स्पर्धा में अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखा। इस स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने तीनों पदक अपने नाम कर पोडियम पर कब्जा जमाया। वहीं, सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर टी12 स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने दोनों स्पर्धाओं में खेलों का रिकॉर्ड भी बनाया।

मोना अग्रवाल को स्वर्ण, 50 साल के खिलाड़ी ने जीता कांस्य
पैरा शूटिंग में मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन एसएच1 स्पर्धा में रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा भारत ने 2028 के ग्रीष्मकालीन पैरालंपिक के लिए शूटिंग में दो कोटा भी हासिल किए। पैरा टेबल टेनिस में 50 वर्षीय जेहान दोराब मदन ने कांस्य पदक जीतकर एक खास उपलब्धि हासिल की। वह इन खेलों में भारत के सबसे उम्रदराज पदक विजेता बने।

कार्यक्रम में कौन-कौन होगा शामिल?
प्रधानमंत्री के साथ होने वाले इस संवाद कार्यक्रम में पदक विजेता खिलाड़ियों के अलावा कोच, भारतीय पैरालंपिक समिति और भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारी शामिल होंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed