Paris Olympics 2024: मनु-सरबजोत ने जीता पदक, हॉकी टीम का अजेय अभियान जारी, तीरंदाज भजन कौर अंतिम 16 में
India at Paris Olympics 2024 Highlights Day 4 : कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल और गोलकीपर श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आयरलैंड पर 2-0 से जीत हासिल की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर पहला और 19वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम वर्ग में कोरिया के ली वोन्हो और ओ ये जिन को 16.10 से हराकर देश को दूसरा पदक दिलाया। इससे पहले मनु ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य जीता था। टोक्यो ओलंपिक में मनु पिस्टल में खराबी आने के कारण फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी लेकिन यहां दो पदक जीतकर उन्होंने हर जख्म पर मरहम लगा दिया। ब्रिटिश मूल के भारतीय खिलाड़ी नॉर्मन प्रिचार्ड ने 1900 ओलंपिक में 200 मीटर फर्राटा और 200 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीते थे लेकिन वह उपलब्धि आजादी से पहले की थी। मनु अब दो अगस्त को 25 मीटर महिला पिस्टल क्वालिफिकेशन के लिय उतरेंगी और उनके पास तीसरा पदक जीतने का भी मौका है। सरबजोत 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत वर्ग में क्वालिफिकेशन में 577 के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहे थे और फाइनल में जगह नहीं बना सके थे। मनु और सरबजोत ने क्वालिफिकेशन दौर में 580 स्कोर करके कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बनाई थी ।
वहीं भारतीय ट्रैप निशानेबाजी में प्रदर्शन निराशाजनक रहा जिसमें पृथ्वीराज तोंडइमन क्वालिफिकेशन में 21वें स्थान पर रहे जबकि महिला वर्ग में राजेश्वरी कुमारी और श्रेयसी सिंह पहले दिन क्वालिफिकेशन के तीन राउंड के बाद 21वें स्थान पर रहीं जबकि श्रेयसी 22वें स्थान पर रहीं। दोनों बुधवार को क्वालिफिकेशन के दो और राउंड खेलेंगी।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल और गोलकीपर श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने आयरलैंड पर 2-0 से जीत हासिल की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर पहला और 19वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया। पहले मैच में न्यूजीलैंड पर 3.2 से मिली जीत में हरमनप्रीत ने 59वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर विजयी गोल दागा था। वहीं रियो ओलंपिक चैम्पियन अर्जेंटीना के खिलाफ सोमवार को 59वें मिनट में ही उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर तब्दील करके भारत को हार से बचाते हुए मैच 1.1 से ड्रॉ कराया था। भारत अब दो अगस्त को आस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।
एशियाई खेलों की चैंपियन और पदक की दावेदार रंकीरेड्डी और शेट्टी की भारतीय जोड़ी ने पेरिस ओलंपिक की बैडमिंटन पुरुष युगल स्पर्धा में मुहम्मद रियान अर्दियांतो और फजर अल्फियान की इंडोनेशिया की जोड़ी को सीधे गेम में हराकर ग्रुप सी में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो का महिला युगल में अभियान लगातार तीसरी हार के साथ खत्म हुआ। दुनिया की पांचवें नंबर की सात्विक और चिराग की भारतीय जोड़ी ने अर्दियांतो और अल्फियान की दुनिया की सातवें नंबर की जोड़ी को 40 मिनट में 21-13, 21-13 से हराया। ये दोनों जोड़ियां पहले ही अंतिम आठ में जगह बना चुकीं थी और इस मुकाबले से ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम का फैसला हुआ। भारतीय जोड़ी ने ग्रुप में अपने सभी मैच जीते। अश्विनी और तनीषा की दुनिया की 18वें नंबर की जोड़ी को मापुसा और यू की दुनिया की 26वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ 38 मिनट में 15-21, 10-21 से हार झेलनी पड़ी।
भारतीय तीरंदाज भजन कौर ओलंपिक के महिला एकल वर्ग में पोलैंड की वियोलेटा मैसजोर पर 6-0 की शानदार जीत के साथ अंतिम 16 चरण में पहुंचने में सफल रही। भजन ने अंतिम 32 दौर में मैसजोर को हराने के साथ अंकिता भकत की हार का बदला चुकता किया। पोलैंड की इस तीरंदाज ने इससे पहले अंतिम 64 चरण के मैच में अंकिता को 6-4 से हराया था।
भजन ने दिन के अपने शुरुआती मैच में इंडोनेशिया की साइफा नूरफीफा कमाल को 7-3 से शिकस्त देने के बाद वियोलेटा के खिलाफ अपनी लय जारी रखते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।
अनुभवी मुक्केबाज अमित पंघाल 51 किग्रा वर्ग के राउंड 16 में अफ्रीकी खेलों के चैंपियन और तीसरे वरीय जाम्बिया के पैट्रिक चिन्येम्बा से 1-4 से हारकर बाहर गए।
पेरिस ओलंपिक में नौकायन में भारत के एकमात्र प्रतिनिधि बलराज पंवार पुरूषों की एकल स्कल में अपनी हीट रेस में पांचवें स्थान पर रहे और अब 13वें से 24वें स्थान के लिए खेलेंगे। 25 वर्ष के पंवार ने क्वार्टर फाइनल में चौथी हीट में सात मिनट और 5.10 सेकंड का समय निकाला। वह सेमीफाइनल सी.डी में खिसक गए जिसके मायने हैं कि ये खिलाड़ी 13वें से 24वें स्थान के लिये उतरेंगे।
धीरज बोम्मादेवरा को मिली हार
पुरुष एकल में भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा को अंतिम 32 चरण में कनाडा के एरिक पीटर्स के खिलाफ बेहद करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। धीरज तीसरे सेट के बाद 4-2 की बढ़त को बरकरार नहीं रख सके और स्कोर 5-5 (28-27, 28-29, 29-27, 30-30, 30-29) से बराबरी के बाद शूट ऑफ में उन्हें बेहद मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा। शूटऑफ में दोनों निशानेबाजों ने 10 अंक बटोरे लेकिन केंद्र के करीब होने के कारण पीटर्स ने यादगार जीत दर्ज की।