UP Sports News: तैराकी में एक सिल्वर सहित सात पदक जीत कर वाराणसी की बेटियों ने दिखाया दम; पढ़ें खेल की खबरें
वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। इसमें खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जा रहा है। वहीं, जिले के खिलाड़ी बाहर जाकर भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आइए जानते हैं खेल की इन खबरों को...
विस्तार
Sports News Today: जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय राज्य स्तरीय महिला तैराकी प्रतियोगिता में शनिवार को तीन गोल्ड सहित आठ पदक पाकर विंध्याचल प्रथम स्थान पर रहा। पांच गोल्ड व दो सिल्वर लाकर लखनऊ को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। जबकि गोरखपुर मंडल को भी दो सिल्वर सहित कुल पांच पदक प्राप्त हुए हैं।
400 मीटर फ्री स्टाइल में वाराणसी की गायत्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर फ्री स्टाइल में वाराणसी की इजया सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में वाराणसी की श्वेता साहनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में श्वेता साहनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर बैक स्ट्रोक में वाराणसी की सौम्या चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बटर फ्लाई में वाराणसी की गायत्री ने दूसरा स्थान हासिल किया। 400 मिडले रिले फाइनल में वाराणसी की श्वेता, गायत्री व इजया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
टेबल टेनिस में तीन खिलाड़ियों को छह पदक
प्रादेशिक महिला टेबिल टेनिस सिद्धार्थ नगर में खेली गई। इसमें वाराणसी मंडल की तीन खिलाड़ियों ने एकल और युगल मुकाबले में चार स्वर्ण, दो रजत कुल छह पदक जीता। टीम मैनेजर गौरव प्रभाकर ने बताया कि प्रतियोगिता के टीम इवेंट में सौम्या सिंह, श्वेता सिंह और वैशाली गौतम ने स्वर्ण पदक जबकि युगल मुकाबले में श्वेता और सौम्या की जोड़ी ने रजत जीता। एकल मुकाबले में सौम्या ने स्वर्ण और श्वेता ने रजत पदक जीता। वैशाली गौतम क्वार्टर में हारकर बाहर हो गई। वाराणसी टेबल टेनिस एसोसिएशन की सचिव सरिता गोकर्ण, सौम्या सिंह, अनुराग पांडेय, सौरभ सिंह ने बधाई दी है।
सिगरा में 16,17 को तैराकी का ट्रायल
39वीं सब जूनियर और 54वीं जूनियर बालक-बालिका प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता लखनऊ में होगी। खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। बनारस डिस्ट्रिक्ट सेंट्रल स्वीमिंग एसोसिएशन के सचिव शंभु प्रसाद ने बताया कि जिलास्तरीय चयन ट्रायल 16 जून और मंडलीय का 17 जून को सुबह सात बजे से कनाई चंद्र की देखरेख में होगा।
प्रादेशिक कुश्ती के सेमीफाइनल में पहुंचे तीन खिलाड़ी
प्रादेशिक कुश्ती गोंडा के नंदनी नगर में शनिवार देर शाम शुरू हुई। पहले दिन तीन खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। बालिका वर्ग में कोमल और अंदरी पटेल जबकि बालक वर्ग में पीयूष यादव ने सफलता हासिल की। प्रादेशिक कुश्ती में वाराणसी मंडल के 26 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। गोरखनाथ यादव ने बताया कि फ्री स्टाइल बालक वर्ग में 10 खिलाड़ी, ग्रीको रोमन में 8 जबकि बालिका फ्री स्टाइल में 8 खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।
राष्ट्रीय कराटे में अवंतिका ने जीता स्वर्ण पदक
वाराणसी। देहरादून में राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के तीसरे दिन अवंतिका सिंह ने स्वर्ण पदक, अंडर-11 में खुशी प्रजापति ने रजत जीता। दोनों खिलाड़ियों को इंडोर हॉल सम्मानित किया गया। इस मौके पर जसपाल सिंह, संजय सिंह, शोभनाथ पटेल, रामलखन शास्त्री, सोहन भारद्वाज ने बधाई दी है।
बनारस की टीम ने जीती कबड्डी प्रतियोगिता
कोहरियावा में चल रहे शहीद एहसानुल्ला मेमोरियल राज्य स्तरीय नाइट कबड्डी टूर्नामेंट प्रतियोगिता के दूसरे दिन के खेले गए मैच में धनघटा, बनारस, लखनऊ टीम ने जीत दर्ज की। दूसरा मैच ब्लैक पेंथर बस्ती और मंगल दल बनारस के बीच खेला गया। पहले हाफ टाइम में ब्लैक पेंथर बस्ती ने 19 मंगल दल बनारस ने 21 प्वाइंट का मुकाबला रहा। वहीं दूसरे हाफ ब्लैक पेंथर बस्ती 21 और बनारस 24 प्वाइंट के मुकाबले में 3 प्वाइंट से बनारस मैच जीत लिया।
राष्ट्रीय साॅफ्ट टेनिस में खेलेंगे काशी के दो खिलाड़ी
राष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिता में वाराणसी के दो खिलाड़ियों का चयन यूपी टीम में हुआ है। कोच बृजभूषण यादव ने बताया कि दोनाें खिलाड़ी लखनऊ में होने वाले शिविर में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता ऑल इंडिया सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन की ओर से श्रीनगर स्टेडियम में 26 जून से 1 जुलाई तक खेली जाएगी।
अंडर-19 आयुवर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता मयंक यादव और प्रत्यूष राय खेलेंगे। दोनों खिलाड़ी दो राष्ट्रीय और एक स्टेट प्रतियोगिता में मेडल जीत चुके हैं। प्रत्यूष राय पांच वर्ष से जबकि मयंक डेढ़ वर्ष से टेनिस खेल रहे हैं। दोनों खिलाड़ी लखनऊ के मोहम्मद शाहिद स्टेडियम में अभ्यास कर रहे हैं।
वाराणसी के प्रखर ने जीती 50 हजार की राशि
नई दिल्ली में 21वीं दिल्ली इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर शतरंज टूर्नामेंट में वाराणसी के प्रखर त्रिपाठी ने 50 हजार इनाम राशि जीती है। 20 देशों के इंटरनेशनल मास्टर और ग्रैंड मास्टर सहित 443 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें प्रखर ने 10 चक्र की बाजी खेलकर साढ़े सात अंक अर्जित कर नकद पुरस्कार हासिल किया।
आठवें चक्र में प्रखर ने अंतरराष्ट्रीय मास्टर से ड्राॅ खेला और नौवें चक्र में प्रखर ने जॉर्जिया के ग्रैंड मास्टर को हरा दिया। दसवें और आखिरी चक्र में प्रखर ने 2321 रेटिंग प्राप्त खिलाड़ी को हरा दिया। प्रखर कक्षा 9 के छात्र हैं। प्रखर 44 फीडे रेटिंग अंक अर्जित किया और 2200 लाइव फीडे रेटिंग पर पहुंच गए। खिलाड़ी के प्रदर्शन पर वाराणसी शतरंज संघ के महासचिव विजय कुमार ने बधाई दी है।
हैंडबॉल शिविर में 40 खिलाड़ी रोज चार घंटे कर रहीं अभ्यास
परमानंदपुर के मिनी स्टेडियम में महिला हैंडबॉल ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में 40 खिलाड़ी रोज चार घंटे अभ्यास कर रही हैं। कोच प्रीति गौड़ बालिकाओं को जंप और गोल हिट का प्रशिक्षण दे रही हैं। कोच ने बताया कि हैंडबॉल दुनिया के सबसे तेज खेलों में दूसरे नंबर पर आता है। ऐसे में रनिंग के दौरान गोल करने में महारथ हासिल होनी चाहिए।
खिलाड़ियों को चार सत्र में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खेलने से पहले खिलाड़ियों को वार्मअप कराया जा रहा है। इससे मांसपेशियों में खिंचाव की आशंका कम हो जाती है। वार्मअप और वर्कआउट के बाद तीसरे सत्र में मैच खेलना होता है। चौथे सत्र में खेल तकनीकी की जानकारी दी जाती है।
सोनल ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, रेड स्टार 3-2 से विजेता
रानी लक्ष्मीबाई जिलास्तरीय बालिका हॉकी प्रतियोगिता परमानंदपुर खेल मैदान पर शुरू हुई। शनिवार को हुए मुकाबले में सृष्टि पटेल ने पेनल्टी काॅर्नर को गोल में बदलकर रेड स्टार क्लब को जीत दिलाई। इसमें रेड स्टार क्लब की टीम ने यूथ क्लब को एक गोल से हरा कर दूसरे चक्र में प्रवेश किया।
उद्घाटन मैच में दोनों टीम ने शुरू से तेज खेल का प्रदर्शन किया। खेल के 14वें मिनट में राष्ट्रीय खिलाड़ी तनु यादव ने एकल प्रयास से गोल कर रेड स्टार क्लब को 1-0 की बढ़त दिलाई। दो मिनट बाद ही यूथ क्लब की मोनिका ने प्राची के माइनस पास पर गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हाफ टाइम से पांच मिनट पहले यूथ क्लब की प्राची ने रेड स्टार क्लब की डिफेंस लाइन को चकमा देते हुए गोल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।
मैच के दूसरे हाफ में खेल के 32वें मिनट में रेड स्टार क्लब की सोनल सिंह और सृष्टि पटेल के मूव से पेनल्टी काॅर्नर मिला। जिसे सृष्टि पटेल ने गोल में बदल कर स्कोर 2-2 कर दिया। मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले रेड स्टार क्लब को पेनल्टी कॉर्नर मिला।