{"_id":"600eed148ebc3e340453b14e","slug":"u-20-fed-cup-meet-haryana-19-year-old-yashvir-singh-broke-neeraj-chopra-meet-record-in-winning-the-javelin-throw","type":"story","status":"publish","title_hn":"राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप: यशवीर ने नीरज चोपड़ा के अंडर-20 फेड कप के रिकार्ड को तोड़ा","category":{"title":"Other Sports","title_hn":"अन्य खेल","slug":"other-sports"}}
राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप: यशवीर ने नीरज चोपड़ा के अंडर-20 फेड कप के रिकार्ड को तोड़ा
Mon, 25 Jan 2021 09:38 PM IST
Rajeev Rai
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: Rajeev Rai
Updated Mon, 25 Jan 2021 09:38 PM IST
विज्ञापन
यशवीर सिंह
- फोटो : Social media
कोविड-19 महामारी के कारण लंबे समय के बाद शुरू हुई राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पहले दिन कई रिकॉर्ड बने। हरियाणा के भाला फेंक एथलीट यशवीर सिंह ने लंबी दूरी में नया रिकॉर्ड बनाया तो धावकों सुनील दावर (मध्य प्रदेश) और अंकिता (उत्तराखंड) ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
हालांकि यशवीर का प्रदर्शन 18वें फेडरेशन कप जूनियर (अंडर-20) चैंपियनशिप के पहले दिन सोमवार को सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा। 19 साल के यशवीर ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में भाला 78.68 मीटर दूर फेंका जो नीरज चोपड़ा के द्वारा 2015 (हैदराबाद) में बनाए गए रिकार्ड 76.91 मीटर से बेहतर है। उनके पांच वैध प्रयास 75 मीटर दूरी के थे जिसमें दूसरा प्रयास सर्वश्रेष्ठ था।
विज्ञापन
उधर तिरूपति में नवंबर 2019 में हुई ‘मिलो राष्ट्रीय अंतर जिला जूनियर एथलेटिक्स’ के बाद यह राष्ट्रीय स्तर का पहला आयोजन है जिसमें अठारह साल की अंकिता ने पहला नया कीर्तिमान बनाया। उन्होंने 5000 मीटर की दौड़ को 16 मिनट 37.90 सेकेंड में पूरा कर कोयंबतूर में 2018 में बनाए गए सुमन राठी के रिकार्ड (17 मिनट 02.67 सेकेंड) में सुधार किया। वह लगातार दूसरे साल इस प्रतियोगिता में शीर्ष पर रही। अंकिता ने 1500 मीटर दौड़ को भी अपने नाम किया। उन्होंने हरियाणा की पूजा को पछाड़ते हुए चार मिनट 27.54 सेकेंड के समय के शीर्ष स्थान हासिल किया।
विज्ञापन
इनके अलावा दक्षिण एशियाई खेलों में 5000 मीटर दौड़ के रजत पदक विजेता दावर 1500 मीटर की दौड़ को तीन मिनट 48.54 सेकेंड में पूरा कर विजेता बने। उन्होंने हैदराबाद (2015) के शशि भूषण सिंह के तीन मिनट 51.16 सेकेंड के रिकार्ड को पीछे छोड़ा। वहीं पुरूष और महिला फर्राटा में क्रमश: महाराष्ट्र के सौरभ राजेश नेताम (10.51 सेकेंड) और दिल्ली की तरणजीत कौर (11.70 सेकेंड) विजेता बने।