टोक्यो ओलंपिक: भारतीय निशानेबाजों ने लगवाई कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज
इन दोनों के अलावा दीपक कुमार और पिस्टल कोच रौनक पंडित को भी कोरोना का दूसरा डोज दिया गया।
विस्तार
टोक्यो ओलंपिक के लिए जाने वाले दल के निशानेबाज सौरभ चौधरी और राही सरनोबत ने बुधवार को क्रोएशिया के जगरेब में कोरोना का दूसरा टीका लगवाया। भारतीय निशानेबाजी दल अभ्यास शिविर के लिए जगरेब में है। इन दोनों के अलावा दीपक कुमार और पिस्टल कोच रौनक पंडित का भी इसी दिन टीकाकरण किया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण ने ट्वीट किया, 'टोक्यो ओलंपिक के लिए जाने वाले निशानेबाज चौधरी, सरनोबत, दीपक और कोच को क्रोएशिया में कोविड-19 टीके की दूसरी डोज दी गई।' इससे पहले दल के 18 सदस्यों को पिछले महीने दूसरा टीका लगाया गया था।
Tokyo bound Shooters @SChaudhary2002, @SarnobatRahi, @Deepak_g_arya along with Coach @CoachRonak being administered the second dose of vaccine in Croatia ahead of #TokyoOlympics#Cheer4India pic.twitter.com/5nSTP7B0k8
— SAIMedia (@Media_SAI) July 7, 2021विज्ञापन
टोक्यो में अतिरिक्त आवास की व्यवस्था
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक संदीप प्रधान ने कहा है कि यदि ओलंपिक खेलों के दौरान देश के ओलंपिक प्रतिनिधिमंडल में से किसी को कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उनकी पृथकवास की जरूरतों को पूरा करने के लिए टोक्यो में अतिरिक्त आवास की व्यवस्था की जा रही है। ओलंपिक 23 जुलाई से शुरू हो रहे हैं और महामारी को देखते हुए आकस्मिक योजनाओं की व्यवस्था करना जरूरी है।
100 से अधिक खिलाड़ी क्वालीफाई
बता दें कि भारत के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है और उनसे इस बार अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। भारत से जाने वाले खिलाड़ियों को तीन दिन के कड़े पृथकवास पर रहना होगा और टोक्यो प्रवास के दौरान उनका हर दिन परीक्षण किया जाएगा।
टोक्यो में कोरोना के 920 नए मामले
टोक्यो में ओलंपिक खेलों के शुरू होने से दो सप्ताह पहले बुधवार को कोरोना वायरस के 920 नए मामले दर्ज किए गए जो मई महीने के बाद एक दिन में पाए गये मामलों का नया रिकॉर्ड है। टोक्यो में यदि आपातकाल की स्थिति घोषित की जाती है तो ओलंपिक आयोजकों को 23 जुलाई से शुरू होने वाले खेलों में स्थानीय दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति देने की योजना पर पुनर्विचार करना होगा।