कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं से मिले पीएम मोदी, खेल मंत्री ने विजेताओं को दिए कैश अवॉर्ड
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं से मिलकर उन्हें बधाई दी। दोनों ने ही भारतीय खिलाडियों को एशियाई खेलों में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस दौरान खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने सभी पदक विजेताओं को खेल मंत्रालय की ओर से घोषित कैश अवार्ड वितरित किए।
राठौड़ ने स्वर्ण पदक विजेताओं को 30 लाख रजत जीतने वालों को 20 लाख और कांस्य पदक जीतने वाले पदक विजेताओं को 10 लाख रुपये का कैश अवार्ड दिया। पीएम ने खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जब वे पदक जीतते हैं तो देश का ध्वज ऊपर जाता है।
यह सबसे गौरव के क्षण होते है। उन्होंने मैरी कॉम और पुलेला गोपीचंद का भी उनके विशेष योगदान के लिए जिक्र किया। पीएम ने खेलों में अच्छा करने के लिए योग अपनाने की सलाह भी खिलाडियों को दी। पीएम खिलाडियों से मिलने के बाद खुद उनके पास आए उनसे बातचीत की। वहीं राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति नणे भी अलग-अलग खिलाडियों से मिलकर बात की।
गोल्ड कोस्ट में गोल्ड जीतने वाले शूटर संजीव राजपूत ने बताया कि राष्ट्रपति और पीएम से मिलना किसी सपने के सरीखा था। पीएम का संदेश किसी प्रेरणा से कम नहीं था। उन्होंने गुरुओं का मान सम्मान किए जाने की बात कही। वहीं पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य जीतने वाले सचिन चौधरी ने पीएम से मिलकर मन की बात कार्यक्रम में उनका नाम लेने के लिए धन्यवाद किया।