ओलंपिक से पहले लय कायम रखने में जुटी हैं शूटर मनु, घर पर लगाया इलेक्ट्रॉनिक टारगेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत की शीर्ष पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर को अगले साल ओलंपिक के आयोजन की उम्मीद है जिसके लिए वह अपने खेल के स्तर को बरकरार रखे हुए हैं, हालांकि कोविड-19 महामारी के कारण दुनिया भर में खेलों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
आईएसएसएफ विश्व कप, राष्ट्रमंडल खेलों और युवा ओलंपिक की पदकधारी मनु ने कहा, ‘हां, भारतीय निशानेबाज ओलंपिक खेलों के लिए अच्छी फॉर्म में थे लेकिन स्वास्थ्य इससे ज्यादा चिंता की बात है।’ अभी भी इस स्वास्थ्य संकट पर काबू नहीं पाया जा सकता है जिससे ओलंपिक के अगले साल आयोजन पर भी संशय बना हुआ है। इस 18 साल की निशानेबाज ने कहा, ‘मुझे पूरी उम्मीद है कि ओलंपिक अगले साल आयोजित होंगे और पूरा भरोसा है कि मैं तब तक अपनी फॉर्म को बनाए रखूंगी और उस समय अपनी शीर्ष फॉर्म में रहूंगी। यह दुनिया के लिए मुश्किल समय है लेकिन मैं नकारात्मक नहीं सोच रही हूं और मैं मानसिक रूप से तैयार हूं।’
अभ्यास के लिए घर पर लगवाई नई मशीन
हरियाणा के झज्जर जिले के गोरिया गांव की निशानेबाज मनु ने हाल में ट्रेनिंग के लिए अपने घर में मशीन (इलेक्ट्रॉनिक टारगेट सिस्टम) लगवाई है। उन्होंने कहा, ‘यह मेरी ट्रेनिंग के लिए निश्चित रूप से काफी फायदेमंद होगी। पुरानी मशीन से मुझे काफी समस्या हो रही थी क्योंकि यह ‘मैनुअल’ थी। इसका धागा निकल आता था और फिर यह बार-बार टूट जाता था। लेकिन इस नई मशीन में यह बहुत अलग है।’ उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट का इस बात के लिए आभार जताया है कि देशव्यापी लॉकडाउन के बीच भी उनके घर पर स्विस कंपनी की मशीन पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि अगले तीन-चार महीने कोई आउटडोर निशानेबाजी नहीं होगी तो ऐसे में मशीन घर पर लगाना उपयोगी रहेगा।