वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप: बजरंग पूनिया के बाद रवि कुमार दहिया ने भी जीता कांस्य पदक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कजाकिस्तान के नूर-सुल्तान में जारी विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया (65 किग्रा) और रवि कुमार दहिया (57 किग्रा) ने शुक्रवार को कांस्य पदक अपने नाम किया। सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों ही पहलवान पहले ही टोक्यो ओलंपिक 2020 का टिकट कटवा चुके थे। अब दोनों ने कांस्य पदक के मुकाबले अपने नाम किए।
विनेश को मिला टोक्यो ओलंपिक का टिकट
इससे पहले हरियाणा की पहलवान विनेश फोगाट ने 53 किलोग्राम भारवर्ग में बुधवार को विश्व चैंपियनशिप में अमेरिका की सारा हिलडरब्रान्ट को हराकर ओलंपिक 2020 के लिए क्वालिफाई किया था। विनेश टोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल करने वाली पहली भारतीय पहलवान बनीं। विनेश ने रेपचेज के दूसरे राउंड में सारा हिलडरब्रान्ट को 8-2 से मात दी और ब्रांज मेडल के मुकाबले में जगह बनाई। इससे पहले, विनेश ने 53 किग्रा वर्ग में रेपचेज के पहले राउंड में यूक्रेन की यूलिया खालाद्जी को 5-0 से हराया था।
पहले बजरंग ने मंगोलियन पहलवान तुल्गा ओचिर को 8-7 से हराया तो बाद में रवि कुमार ने ईरान के रेजा अत्री नगराइच को 6-3 से मात देते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। जहां बजरंग शुरुआत में 6-0 से पीछे थे, लेकिन बाद में वापसी करते हुए पदक जीत ले गए। तो रवि ने शुरुआत से ही अपने विपक्षी पर दबाव बनाकर रखा था।
यह बजरंग का वर्ल्ड चैम्पियशिप में तीसरा पदक है। उन्होंने 2013 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था, लेकिन तब बजरंग 60 किलोग्राम भारवर्ग में खेलते थे। 65 किलोग्राम भारवर्ग में बजरंग ने अपना पहला पदक पिछले साल 2018 में जीता था जो रजत पदक था। इस तरह बजरंग तीन विश्व चैंपियनशिप मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पहलवान भी बन गए। बजरंग क्वार्टरफाइनल में जीत के साथ ही टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं।
बजरंग पूनिया ने ऐसे जीता कांस्य पदक
सेमीफाइनल में पक्षपात और धांधली का शिकार हुए बजरंग पूनिया कांस्य पदक के लिए हुए इस मैच के शुरुआती दौर में काफी पीछे थे। ओचिर ने उन्हें बाहर ढकेल दो अंक लिए और फिर चेस्ट थ्रो के जरिए चार अंक ले बजंरग पर 6-0 की बढ़त ले ली। बजरंग ने हालांकि दो अंक ले स्कोर 6-2 कर लिया, इसके बाद बजरंग ने लगातार अंक लेकर अपने अंकों की संख्या आठ कर ली। यहां मंगोलिया के खिलाड़ी ने एक अंक लिया, लेकिन इस हरियाणवी छोरे ने न सिर्फ जीत हासिल की बल्कि कांस्य पदक भी पक्क किया।
विश्व चैंपियनशिप 2019 में बजरंग का प्रदर्शन
पिछली बार विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाले बजरंग ने इस चैम्पियनशिप के अपने पहले मुकाबले में पोलैंड के पहलवान क्रिज्सिटोफ बीनकोवस्की को 9-2 से करारी शिकस्त देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने स्लोवाकिया के डेविड हबाट को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में कदम रखा था। क्वार्टर फाइनल में कोरिया के जोंग चोलसोन को 8-1 से मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था और ओलंपिक कोटा हासिल किया। सेमीफाइनल में बजरंग का सामना कजाकिस्तान के दौलत नियाजबेकोव से हुआ, जिसमें वह कजाकिस्तान के पहलवान से पार नहीं पा सके। दोनों का स्कोर 9-9 रहा। कजाकिस्तान के पहलवान ने एक दांव चार अंक का लगाया, जिसके कारण बजरंग को हार मिली।
रवि कुमार का विश्व चैंपियनशिप 2019 में प्रदर्शन
रवि कुमार दहिया ने पहले मुकाबले में कोरिया के किम सुंग ग्वोन को एकतरफा अंदाज में 11-0 से शिकस्त देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला अर्मेनिया के आर्सेन हारुतयुनयान से था, जिसे 18-6 से पटकते हुए अंतिम आठ में प्रवेश किया था।
रवि ने क्वार्टर फाइनल में पूर्व विश्व चैम्पियन और 2017 के एशियाई चैम्पियन जापान के यूकी ताकाहाशी को 6-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, साथ ही भारत को टोक्यो ओलंपिक का कोटा भी दिलाया। रवि सेमीफाइनल में रूस के जवुर यूगेव से भिड़े, लेकिन उन्हें भी हार का सामना (4-6) करना पड़ा।