विजय हजारे ट्रॉफी: करणवीर के रिकॉर्ड दोहरे शतक से उत्तराखंड ने लगाया जीत का ‘छक्का’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
करणवीर कौशल के रिकॉर्ड दोहरे शतक की बदौलत उत्तराखंड ने विजय हजारे ट्रॉफी में जीत का छक्का लगा दिया है।
प्रतियोगिता में सिक्किम को 199 रनों के अंतर से हराकर टीम उत्तराखंड ने अपनी लगातार छठवीं जीत हासिल की। करणवीर ने प्रतियोगिता में तीसरा शतक और पहला दोहरा शतक जड़कर विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का आंजिक्य रहाणे का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बड़ी जीत के साथ उत्तराखंड अंक तालिका में बिहार को पछाड़कर पहले स्थान पर पहुंच गया है।
शनिवार को नांदेड, गुजरात के गोकुलभाई सोमाभाई पटेल स्टेडियम में टॉस जीतकर सिक्किम ने उत्तराखंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उत्तराखंड के ओपनर करणवीर कौशल और विनीत सक्सेना ने शानदार खेल दिखाते हुए पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 296 रनों की पारी खेली। करणवीर कौशल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास का पहला दोहरा शतक पूरा किया। वहीं, विनीत ने दूसरे छोर धैर्यपूर्ण और सयंम भरी पारी खेलते हुए 100 रन बनाए। उत्तराखंड का पहला विकेट 42.2 ओवर में गिरा जब विनीत सक्सेना 133 गेंदों में 100 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद करणवीर भी बहुत देर नहीं टिक सके और दोहरा शतक पूरा करने के बाद मंदुप भूटिया का शिकार बने। करणवीर ने 135 गेंदों में 18 चौकों नौ छक्कों की मदद से 202 रनों की पारी खेली। अंतिम ओवरों में सौरभ चौहान और वीआर जेठी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 366 तक पहुंचाया। सौरभ चौहान ने 20 गेंदों में 26 और जेठी ने 12 गेंदों में 18 रन बनाए। सिक्किम के लिए दोनों विकेट मंडुप भूटिया ने चटकाए।
दीपक ने मचाई सिक्किम के खेमे में खलबली
करणवीर कौशल के बाद दीपक धपोला ने सिक्किम के खेमे में खलबली मचा दी। दीपक ने सिक्किम को लगातार तीन झटके देकर बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी।
उन्होंने बिबेक (1), पलजोर (0) और आशीष थापा (0) को पवेलियन भेजा। सिक्किम की टीम ने 7.2 ओवर में 29 रन पर अपने तीन विकेट खो दिए। मयंक मिश्रा ने बिजय (15) को आउट कर सिक्किम को चौथा झटका दिया।
लेप्चा और पदम ने संभाला
41 रन पर चार विकेट गिरने के बाद ली योंग लेप्चा और पदम ने बेहद संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। लेप्चा ने 104 गेंदों में 65 और पदम ने 102 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। निलेश लमिछाने 14 रन बनाकर नाबाद लौटे। सिक्किम ने 50 ओवर में छह विकेट खोकर 167 रन बनाए। उत्तराखंड की लिए दीपक ने तीन, वीआर जेठी ने दो और मयंक मिश्रा ने एक विकेट लिया।