महिला अंडर-19 क्रिकेट में हिमाचल की लगातार दूसरी जीत
अंडर-19 महिला ग्रुप-सी टी-20 लीग मुकाबलों में मेजबान हिमाचल को अपने दूसरे मैच में लगातार दूसरी जीत मिली है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में हिमाचल और गोवा के बीच खेले गए मैच में मेजबान टीम ने चार विकेट से मैच जीत लिया।
दिन के पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गोवा टीम की शुरूआत बहुत खराब रही। आधी टीम दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाई। गोवा ने 20 ओवरों में आठ विकेट गंवाकर 80 रन बनाए।
टीम की ओर से पुर्वजा 26, तेजश्विनी दुर्गाड 15, शिंधाया नायक 20 रन बनाए, जबकि दीक्षा गावडे, रेहना, दीक्षा अलोनकर, दिव्या, मिताली, तान्या नायक और सैजल इक्का-दूक्का रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गईं।
नागालैंड को केरल से मिली शर्मनाक हार
निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल की टीम ने 19.2 ओवर में 81 रन मारकर मैच जीत लिया। हिमाचल की ओर से एमएस सिंह दो, पूजा नेगी 16, चित्रा सिंह जंबाल छह, सोनल ठाकुर 15, पीजी कोहलों 14 रनों का सहयोग दिया।
दिन के दूसरे मैच में नागालैंड को केरल से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए केरल ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 204 रन बनाए। इसमें मालविका साबु ने 27 और जिस्ना जोसफ ने 33 रनों की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नागालैंड की टीम 11वें ओवर में 20 रन पर ऑलआउट हो गई। केलर की ओर से सेंद्रा सुरेन तीन ओवरों में 4 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि सौरभ्या ने दो और अलीना ने एक विकेट लिया।