ओलंपिक म्यूजियम में रखी जाएगी सौरभ चौधरी की पिस्टल, पिता ने कही ये बड़ी बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शूटिंग स्पर्धाओँ में बड़े निशानेबाजों को पछाड़ने वाले मेरठ के सौरभ चौधरी ने फिर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हाल में ही अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में आयोजित यूथ ओलंपिक गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 16 वर्षीय सौरभ चौधरी ने रिकार्ड के साथ गोल्ड झटका था। लगातार शानदार प्रदर्शन की बदौलत सौरभ की पिस्टल स्विट्जरलैंड के ओलंपिक म्यूजियम में रखने का फैसला किया गया। शुक्रवार को इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी ने अर्जेंटीना में ही सौरभ चौधरी को पत्र सौंपा है। इस बड़ी उपलब्धि के बाद परिवार में खुशी का माहौल है।
मेरठ के सरूरपुर क्षेत्र के कलीना गांव निवासी किसान जगमोहन सिंह के बेटे सौरभ के लिए यह साल बेहद अहम रहा है। जून में आईएसएसएफ विश्वकप में गोल्ड, अगस्त में जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में गोल्ड और इसी माह अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में यूथ ओलंपिक में रिकार्ड अंकों के साथ गोल्ड जीता। उनके बड़े भाई विपिन चौधरी ने बताया कि सौरभ चौधरी अर्जेंटीना में ही हैं और उन्होंने फोन पर परिवार को इसकी जानकारी दी है। सौरभ ने वीडियो जारी कर आईओसी का धन्यवाद भी किया। सौरभ ने यूथ ओलंपिक में करीब सौ से ज्यादा देशों के खिलाड़ियों को पछाड़कर उपलब्धि हासिल की है। वह बागपत के बिनौली में शूटिंग अभ्यास करते हैं। उनके कोच अमित श्योराण, पिता जगमोहन सिंह सिवाच, भाई विपिन चौधरी, बहन साक्षी चौधरी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।
इस उपलब्धि ने दशहरे के त्यौहार की खुशी दोगुनी कर दी है। सौरभ सोमवार को अर्जेंटीना से भारत लौटेगा। हमने जश्न की तैयारी कर ली है। त्यौहारों के सीजन में हमारे लिए यह नया तोहफा है। -जगमोहन सिंह सिवाच, सौरभ के पिता
पिस्टल की कीमत 1.75 लाख
सौरभ के भाई विपिन चौधरी ने बताया सौरभ के पास दो मोरनी टाईटेनियम एयर पिस्टल हैं। एक एयर पिस्टल की कीमत 1.75 लाख रुपये है। म्यूजियम में पिस्टल रखे जाने के बाद सौरभ को दूसरी पिस्टल खरीदनी पड़ेगी। दो पिस्टल के साथ ही सौरभ स्पर्धाओं में प्रतिभाग के लिए जाता है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/