आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट: डबल्स मुकाबले में जापान की जोड़ी की धमाकेदार जीत
मुजफ्फरनगर में भावना स्वरूप मेमोरियल आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट के डबल्स मुकाबलों में जापान की जोड़ी कोयका ओकामोरा और मिचिका ओजेकी ने धमाकेदार जीत दर्ज की। स्लोवीनिया की नस्तजा कोलार और यूएसए की अलेक्जेंड्रा रिले ने भी डबल्स में विजय हासिल की।
कोर्ट रोड स्थित सर्विस क्लब की हरी घास पर आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दिन डबल्स के दो मुकाबले खेले गए। कोर्ट एक पर ढाई बजे पहला मैच हुआ, जिसमें भारत की श्रव्या शिवानी और स्नेहल मैने की जोड़ी का जापान की खिलाड़ियों कोयका ओकामोरा और मिचिका ओजेकी से मुकाबला रहा। खेल में हावी रही जापान की जोड़ी ने पहला सेट 6-1 से जीत लिया। हालांकि शिवानी और मैने ने दूसरे सेट में वापसी की और 5-7 से ओकामोरा और ओजेकी को हराया।
वहीं तीसरे सेट में भारतीय जोड़ी पिछड़ गई। ओकामोरा और ओजेकी ने 10-6 से अंतिम सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। कोर्ट तीन पर स्लोवीनिया की नस्तजा कोलार और यूएसए की अलेक्जेंड्रा रिले का दबदबा रहा।
उज्बेकिस्तान की अल्बिना खबीबुलीना और कजाकिस्तान की कसेनिया पलकिना ने पहला सेट 4-6 से जीत लिया था, लेकिन अंतिम दो सेट में कोलार और रिले की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। यह जोड़ी 6-4, 10-6 से लगातार दो सेट जीतकर मैच जीत गई। डबल्स के मुकाबलों में जीत के बाद यह जोड़ियां क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/