{"_id":"2d6a11fc-1f98-11e2-bae0-d4ae52bc57c2","slug":"india-slams-ferrari-protest-flag-flying-gimmick","type":"story","status":"publish","title_hn":"इटली नेवी का ध्वज लगाकर उतरी टीम फेरारी","category":{"title":"Sports","title_hn":"खेल ","slug":"sports"}}
इटली नेवी का ध्वज लगाकर उतरी टीम फेरारी
ग्रेटर नोएडा/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sat, 27 Oct 2012 10:05 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटली नेवी का झंडा लगाकर टीम फेरारी का ट्रैक पर उतरने का फैसला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विरोध के बावजूद फेरारी के ड्राइवर इटली के नेवी अधिकारियों के समर्थन में बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में इटली नेवी का झंडा लगाकर उतरे। इन अधिकारियों पर केरल के मछुआरों की हत्या का मामला चल रहा है। इस पूरे प्रकरण से जहां विदेश मंत्रालय और फिशरमैन एसोसिएशन नाराज है, जबकि एफ-1 के आयोजक खुद को बचाने के लिए इससे पल्ला झाड़ रहे हैं।
विज्ञापन
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि अपने संदेश के लिए खेल के मंच का इस्तेमाल खेल भावना के खिलाफ है। उधर मछुआरों की राष्ट्रीय स्तर की संस्था नेशनल फिशरमैन एसोसिएशन (एनएफए) ने भी इस फैसले का विरोध किया है। एनएफए सचिव टी पीटर ने कहा है कि फेरारी टीम का यह फैसला देश और खेल के लिए शर्म की बात है। दूसरी ओर इस मामले में एफ-1 सुप्रीमो से लेकर फेडरेशन ऑफ मोटर स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (एफएमएससीआई) पल्ला झाड़ रहे हैं।
विज्ञापन
एफ-1 सुप्रीमो बर्नी एक्लेस्टन से जब इस संबंध में पूछा गया तो उनका सीधा जवाब था, ‘यह राजनीतिक मामला है। हम इसमें नहीं पड़ेंगे। हां, इस मामले को भारतीय बॉडी को फेरारी के समक्ष उठाना चाहिए।’ अमर उजाला ने जब इस मामले पर एफएमएससीआई के अध्यक्ष विक्की चंडोक से बात की तो वह भी इससे बचते नजर आए। उन्होंने भी बर्नी की जुबान में कहा कि वह राजनीतिक मामलों में नहीं पड़ना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने यह जरूर स्वीकार किया कि बर्नी ने उनसे इस मामले को देखने को कहा है।
विज्ञापन
इस दौरान टीम फेरारी के टीम प्रिंसिपल स्टीफानो डोमेनोकाली प्रैक्टिस रेस के दौरान कारों पर झंडा लगाए जाने के मामले में फंसते नजर आए। मगर उन्होंने कहा कि झंडे को राजनीतिक उद्देश्यों के तहत नहीं लगाया गया है। इसका उद्देश्य सिर्फ इतना है कि दोनों देशों के अधिकारी इस मामले का हल सौहार्दपूर्ण तरीके से निकालें। वहीं टीम के मोटर स्पोर्ट हेड लूका कोलिहानी ने साफ इनकार कर दिया कि अगले दो दिनों में कारों से झंडे को हटाया जाएगा।
क्या था मामला
इसी साल फरवरी में इटली की नौसेना के अधिकारियों की गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद केरल सरकार ने इटली के दो नौसेना अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया था और उन पर मुकदमा चल रहा है। फॉर्मूला-1 रेस की प्रमुख टीम फेरारी का बेस इटली में है और हाल ही में उसने वेबसाइट के जरिए एलान किया कि वह अपनी कारों पर इटली नेवी का झंडा लगाकर ट्रैक पर उतरेगी। इटली के विदेश मंत्री ने भी फेरारी के इस रुख की तारीफ की है।