मनदीप की हैट्रिक से भारत ने किया जोरदार आगाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
युवा स्ट्राइकर मनदीप सिंह की हैट्रिक से भारत ने नौवें एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप के अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को 8-0 से करारी शिकस्त दी।
इंपोह में खेले जा रहे एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप के ग्रुप ‘बी’ के एक मुकाबले में भारत की ओर से मनदीप ने चौथे, 40वें और 44वें मिनट में गोल दागे।
अन्य भारतीयों में रमनदीप ने 17वें, वीआर रघुनाथ ने 28वें, रुपिंदर पाल सिंह ने 34वें, मलक सिंह ने 47वें और एसके उथप्पा ने 69वें मिनट में गोल किया।
कई सीनियर खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण भारत ने इस मुकाबले में तीन युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करने का मौका दिया।
मनदीप, रमनदीप और निथिन थिमैया ने अपने पहले ही मैच में बेहतरीन प्रदर्शन से अपना चयन सही साबित कर दिखाया।
भारत का अगला मैच सोमवार को दक्षिण कोरिया से होगा जो हॉलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुका है।
भारत को वर्ल्ड कप का टिकट पाने के लिए एशिया कप जीतना जरूरी है।
सुल्तान अजलान शाह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने चौथे ही मिनट में पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया। रुपिंदर पाल सिंह की फ्लिक को ओमान के गोलकीपर अल नूफाली फहद खामिस सलमीन ने रोक लिया लेकिन मनदीप ने रिबाउंड पर गोल करके भारत का खाता खोल दिया।
खेल के 17वें मिनट में रमनदीप ने मलक से मिले पास पर गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। 28वें मिनट में निकिन तिमैया को ओमान के सर्किल के भीतर गिराए जाने पर भारत को पेनल्टी कार्नर मिला और रघुनाथ ने गोल करके भारत को 3-0 से आगे कर दिया।
मध्यांतर से एक मिनट पहले भारत को पांचवां पेनल्टी कार्नर मिला और रुपिंदर ने टीम के लिए चौथा गोल कर दिया।
दूसरे हॉफ में भी भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा। 40वें मिनट में मनदीप ने अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल कर दिया। सिर्फ चार मिनट बाद मनदीप ने अपना तीसरा और भारत के लिए छठवां गोल ठोका।
मलक सिंह ने 47वें मिनट में भारत का सातवां गोल किया। अंतिम सीटी बजने से एक मिनट पहले उथप्पा ने मलक के दाहिने तरफ से मिले क्रास पर गोल करके भारत को 8-0 की जीत दिला दी।