हॉकी विश्व कपः पाक के लिए नीदरलैंड से पार पाना मुश्किल, तो मलयेशिया से होगी जर्मनी की भिड़ंत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डिफेंडर अम्माद बट के एक मैच के निलंबन के खिलाफ अपीली अदालत ने पाकिस्तान की अपील मान ली है। अम्माद को नीदरलैंड के खिलाफ खेलने की अनुमति मिलने और चोट के चलते बाहर हुए कप्तान मिडफील्डर मोहम्मद रिजवान सी. की जगहएफआईएच से अर्सलान कादिर को टीम में शामिल करने की इजाजत मिलने से पाकिस्तान ने नीदरलैंड के खिलाफ पूल डी के अहम तीसरे और अंतिम लीग से पहले खासी राहत महसूस की है।
एफआईएच ने अम्माद बट को खेलने की इजाजत देते हुए कहा है कि यदि अब उन्हें पीला कार्ड मिला तो टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएगा। अम्माद बट को जानबूझ कर मलयेशिया के खिलाड़ी फैजल सारी को चोट पहुंचाने पर एफआईएच के टूर्नामेंट निदेशक जर्मनी के क्रिश्चियन डेकेनब्रॉक ने मलयेशिया के कोच रोलैंट ओल्टमैन की शिकायत पर एक मैच के लिए निलंबित किए जाने का फैसला किया और इसके खिलाफ पाकिस्तान द्वारा अपीली अदालत से की थी। अब अम्माद बट के उपलब्ध होने और अर्सलान के नीदरलैंड के मैच से पहले यहां पहुंच जाने की आस के बावजूद रविवार को पाकिस्तान के लिए पूल डी में पिछली उपविजेता नीदरलैंड जैसी मजबूत टीम से पार पाना आसान नहीं होगा।
पाकिस्तान टीम के मैनेजर हसन सरदार ने कहा, 'अम्माद बट के निलंबन को खत्म कर उन्हें नीदरलैंड के खिलाफ मैच में खेलने की इजाजत मिलना हमारे लिए राहत की बात है। अब इस विश्व कप में बाकी मैचों में पाकिस्तान की कप्तानी भी अम्माद बट ही करेंगे। हमने चोट के कारण विश्व कप से बाहर हुए मिडफील्डर मोहम्मद रिजवान (सीनियर) की जगह फॉरवर्ड अर्सलान कादिर को इसलिए बुलाया है कि क्योंकि हम नीदरलैंड के खिलाफ अहम मैच के लिए अपनी अग्रिमपंक्ति को और धार देना चाहते हैं। अर्सलान रविवार को नीदरलैंड के खिलाफ मैच से पहले हमारी पाकिस्तान टीम से जुड़ जाएंगे।'
वहीं, पाकिस्तान के कोच तौकीर दार मैच ने कहा है कि रैंकिंग और कौशल के लिहाज नीदरलैंड उनकी टीम से जाहिर तौर पर बीस है। तौकीर साफ करते हैं कि लड़कों के लिए इन हालात में नीदरलैंड के खिलाफ मैच जेहनी जंग ज्यादा होगा। नीदरलैंड की टीम चिर प्रतिद्वंद्वी जर्मनी के हाथों 1-4 से हार के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कोई ढील नहीं बरतना चाहेगी। जर्मनी अपने दोनों मैच जीत कर छह अंकों के साथ पूल आफ डी कहे जा रहे पूल डी में शीर्ष पर है।
नीदरलैंड अब पूल में दो मैचों से तीन अंक दूसरे स्थान की होड़ में ज्यादा लगता है। पूल डी में तस्वीर इसके रविवार को आखिरी लीग मैच के बाद ही साफ होगी। पाकिस्तान ने अब तक अपने दो मैचों में दो गोल खाए हैं और एक गोल किया। गोल अंतर के आधार पाकिस्तान की टीम मलयेशिया के मुकाबले बेहतर स्थिति में है। सब दिक्कतों के बावजूद पाकिस्तान के पूल डी तीसरी टीम के रूप में क्रॉसओवर में पहुंचने की उम्मीद बाकी है। पाकिस्तान की कोशिश इस मैच को कम से ड्रॉ कराने के साथ यह भी होनी चाहिए कि नीदरलैंड के खिलाफ उस पर कम से कम गोल हों।
दुनिया की 13वें नंबर की टीम पाकिस्तान का अपने से बेहतर रैंक की नीदरलैंड के खिलाफ विश्व कप में रिकॉर्ड बेहतर रहा है। पाकिस्तान ने नीदरलैंड के खिलाफ 11 में से छह मैच जीते हैं और मात्र तीन ही हारे हैं जबकि दो ड्रॉ रहे हैं। पाकिस्तान की टीम यही कलिंगा स्टेडियम में चैंपियंस ट्रॉफी में 2014 में 4-2 से हरा चुकी है। एक रोचक बात यह है कि पाकिस्तान की इस मौजूदा टीम में ज्यादातर खिलाड़ी वही हैं जो कि चैंपियंस ट्रॉफी में खेले थे। दोनों टीमों विश्व कप में आखिरी बार 2006 में भिड़ीं तो तब पाकिस्तान 3-2 से जीता था।
जेरोन हर्टजबर्गर, वेलेंटाइन वर्गा, थियरे ब्रिंकमैन तथा मिर्को प्रूइजर जैसे स्ट्राइकरों के साथ कप्तान बिली बाकर, सेव वान एस और सेंडर बार्ट जैसे मिडफील्डर नीदरलैंड की ताकत हैं। गोलरक्षक इमरान बट यदि फुलबैक अम्माद बट, मोहम्मद इरफान और तस्सवर अब्बास मुस्तदी से किले की चौकसी में मदद कर पाए तो पाकिस्तान तब जीत न सही नीदरलैंड के खिलाफ मैच कम से कम ड्रा कराने की उम्मीद कर सकता है।
जर्मनी की निगाहें पूल में शीर्ष स्थान पाने पर : जर्मनी अब रविवार को पूल डी में अपना आखिरी मैच मलयेशिया के खिलाफ खेलेगी। जर्मनी अब मलयेशिया को भी हरा जीत की हैट-ट्रिक के साथ नौ अंक के पूल में शीर्ष पर रह कर सीधे क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने पर निगाह टिकाए हैं। रोचक बात यह है कि अब तक विश्व कप में ये दोनों मात्र एक बार 1975 में कांसे के लिए मुकाबले में भिड़ी तब जर्मनी 4-0 से जीता था।
मलयेशिया की टीम की कोशिश जर्मनी से मैच ड्रॉ कराने की होगी हालांकि इसकी उम्मीद कम है। जर्मनी के क्रिस्टोफर रुइर और फ्लोरियन जैसे स्ट्राइकर और आक्रामक मिडफील्डर मार्को मिलताउ, निकल्स वेलेन और डैन नगुएन खतरनाक अंदाज में जवाबी हमले बोलते हैं। इन सब की मौजूदगी में जर्मनी को रोक पाना मलयेशिया के लिए बहुत मुश्किल होगा। स्ट्राइकर तेंगकू ताजुद्दीन और फैजल सारी पर ही मलयेशिया के गोल करने का दारोमदार रहेगा।
रविवार पूल डी के मैच
मलयेशिया वि. जर्मनी , शाम 5 बजे।
नीदरलैंड वि. पाकिस्तान : शाम 7 बजे से