Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Sports ›   Hockey ›   Hockey: Two-time Olympic medalist Lalit Upadhyay said - thought about retirement even before going to Europe

Hockey: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता ललित उपाध्याय बोले- यूरोप जाने से पहले ही संन्यास के बारे में सोच लिया था

Sat, 28 Jun 2025 09:27 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sat, 28 Jun 2025 09:27 AM IST
सार

भारत के लिए 183 मैचों में 67 गोल कर चुके ललित ने कहा, 'मैं खुश हूं कि हॉकी इंडिया ने काफी सम्मान और मौके दिए। टीम का अच्छा साथ रहा, लेकिन अब समय हो गया था। एफआईएच प्रो लीग के लिये यूरोप जाने से पहले ही मैं सोच रहा था कि अब छोड़ दूंगा, लेकिन घरेलू हॉकी और लीग खेलता रहूंगा।'

विज्ञापन
Hockey: Two-time Olympic medalist Lalit Upadhyay said - thought about retirement even before going to Europe
ललित उपाध्याय - फोटो : ANI

विस्तार

पहली बार हॉकी थामी तो मकसद बेरोजगार पिता और सिलाई करके घर चलाने वाली मां की मदद करना था, लेकिन दो ओलंपिक पदक जीतने वाले ललित उपाध्याय को खुशी है कि देश के लिये कुछ करने का जरिया यह खूबसूरत खेल बना। टोक्यो और पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे अनुभवी मिडफील्डर ललित ने एफआईएच प्रो लीग के यूरोप चरण के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी से विदा ले ली।
विज्ञापन
Trending Videos

ललित ने खेल से संन्यास के बाद भाषा को दिये इंटरव्यू में कहा, 'करीब 32 साल की उम्र हो गई है और मुझे लगा कि अब समय आ गया है कि विदा ले लेनी चाहिये । मैं यही चाहता था कि शिखर पर रहकर ही विदा लूं और लिगामेंट चोट के बावजूद मेरी फिटनेस और फॉर्म अच्छा रहा है।' यह पूछने पर कि क्या उन पर संन्यास का दबाव था, उन्होंने कहा, 'यह फैसला मैने खुद लिया है। मैं खुद को खींचना नहीं चाहता था। मुझे हरमनप्रीत समेत कई लोगों ने रोका लेकिन मैने मन बना लिया था। मैं बनारसी फक्खड़ हूं और एक बार सोच लिया तो फिर सोच लिया।'
विज्ञापन
विज्ञापन

भारत के लिए 183 मैचों में 67 गोल कर चुके ललित ने कहा, 'मैं खुश हूं कि हॉकी इंडिया ने काफी सम्मान और मौके दिए। टीम का अच्छा साथ रहा, लेकिन अब समय हो गया था। एफआईएच प्रो लीग के लिये यूरोप जाने से पहले ही मैं सोच रहा था कि अब छोड़ दूंगा, लेकिन घरेलू हॉकी और लीग खेलता रहूंगा।' प्रो लीग के यूरोप चरण में भारत को एकमात्र जीत बेल्जियम के खिलाफ आखिरी मैच में मिले और जीतकर सीधे विश्व कप के लिये क्वालिफाई करने का सपना भी टूट गया।
विज्ञापन

ओलंपिक पदक, एशियाई खेल 2022 में स्वर्ण पदक और 2022 राष्ट्रमंडल खेल रजत समेत कई उपलब्धियां अर्जित कर चुके ललित ने कहा कि जब उन्होंने शुरूआत की तब एकमात्र लक्ष्य अपनी मां की घर चलाने में मदद करना था। उन्होंने कहा, 'परिवार की स्थिति बहुत खराब थी । पापा की कपड़े की छोटी सी दुकान बंद हो गई थी और मां सिलाई करके घर चलाती थी। ऐसे में बेहतर भविष्य की तलाश में और नौकरी पाने के लिये हॉकी थामी थी। मैं और बड़ा भाई डेबोर्डिंग में रहते थे तो ढाई. तीन सौ रूपये मिलते थे जिससे मम्मी को सिलाई मशीन दिलाई थी।'

उत्तर प्रदेश पुलिस में उप अधीक्षक ललित को कैरियर के पहले ही कदम पर झटका लगा जब एक स्टिंग आपरेशन में अनजाने ही उनका नाम आया। एक टीवी चैनल के रिपोर्टर ने तत्कालीन भारतीय हॉकी महासंघ (आईएचएफ) सचिव के ज्योतिकुमारन के सामने एक खिलाड़ी को भारतीय टीम में जगह देने की एवज में प्रायोजन प्रस्ताव रखा और वह खिलाड़ी ललित था।

उस घटना को अपने कैरियर की सबसे कड़वी याद बताते हुए ललित ने कहा, 'मैं 17 बरस का था और भारत के लिये खेलने का सपना लेकर आया था । उस घटना के बाद टीम से बाहर हुआ और चार साल तक लोगों के ताने और शक भरी नजरों का सामना किया जबकि मेरी गलती भी नहीं थी । मैं न जाने कितनी बार अकेले में रोया। घर भी नहीं जा सकता था कि लोग क्या कहेंगे ।ऐसे में मां ने कहा कि सही हो तो हॉकी मत छोड़ना। अच्छा खेलकर नौकरी हासिल कर लो और तभी मैचे सोचा कि अब भारत के लिये हर हालत में खेलना है। इसके बाद एयर इंडिया के लिये खेला और लोगों ने मेरी प्रतिभा को पहचानना शुरू किया।'

इसके बाद 2011 में बनारस को विश्व हॉकी के मानचित्र पर पहचान दिलाने वाले भारत के महान खिलाड़ी मोहम्मद शाहिद से मुलाकात हुई जिसे वह कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा, '2011 में बनारस में एक नुमाइशी मैच में कई ओलंपियन जुटे थे। मेरे घर में आज भी वह तस्वीर है जो मैने शाहिद भाई, धनराज पिल्लै और दिलीप टिर्की जैसे दिग्गजों के साथ खिंचवाई थी। मुझे धनराज भाई ने शाहिद सर से मिलवाया लेकिन वह तस्वीर मुझे अधूरी लगती थी क्योंकि ये सभी दिग्गज ओलंपियन थे। अब लगता है कि वह तस्वीर पूरी हो गई।'

ललित ने पी आर श्रीजेश, तुषार खांडेकर और शिवेंद्र सिंह की तरह भविष्य में भारतीय हॉकी को कोच के रूप में सेवाएं देने की भी इच्छा जताई। उन्होंने कहा, 'अगर हॉकी इंडिया चाहेगा तो मैं इसके लिये तैयार हूं । मैं भावी पीढी के हॉकी खिलाड़ियों की मदद करना चाहता हूं।' नीली जर्सी टांगने के बाद फिलहाल तो उनका इरादा बनारस में कुछ समय बिताने का है। उन्होंने कहा, 'बनारस में 2024 में शादी के समय आठ दिन रूका था। इसके अलावा इतना लंबा समय नहीं रह पाया। वहां जाकर दशाश्वमेध घाट पर बैठूंगा और काशी विश्वनाथ के दर्शन करूंगा।'
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed